अजीत डोभाल से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, अहम मुद्दों पर चर्चा
एएमयू वीसी प्रो. नईमा खातून,जफर सरेशवाला समेत कई अहम लोग रहे मौजूद

दिल्ली, 18 अप्रैल (मोहम्मद कमरान)
दिल्ली: देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून भी मौजूद रहीं। बैठक में राष्ट्रीय विकास, सामाजिक समावेशन और भविष्य की रणनीतियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता जफर सरेशवाला, एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून, दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, डॉ. फारूक पटेल (केपी ग्रुप), इबरार इराकी, जुनैद शरीफ, डॉ. जहीर काजी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने गंभीरता से सुना। अजीत डोभाल ने देश की समग्र प्रगति के लिए दूरदर्शी मार्गदर्शन दिया और संस्थाओं की प्रभावी भूमिका पर जोर दिया।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में शिक्षा के विस्तार, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र निर्माण में संस्थाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने इस सार्थक संवाद और मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का आभार व्यक्त किया।



