एएमयू के प्रोफेसर व शोधार्थी को एआई आधारित वन्यजीव निगरानी प्रणाली पर डिजाइन पेटेंट मिला

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वन्यजीव विज्ञान विभाग के प्रोफेसर और शोधार्थी को “वाइल्डलाइफ सेंटिनल इंट्रूजन डिटेक्शन सिस्टम” नामक अभिनव तकनीक के लिए भारत सरकार द्वारा डिजाइन पेटेंट प्रदान किया गया है।

इस प्रणाली का विकास प्रो. उरूस इलियास और शोधार्थी शहजादा इकबाल ने अनवर हुसैन आजाद के सहयोग से किया है।

डिजाइन पेटेंट के बारे में जानकारी देते हुए प्रो. इलियास ने बताया कि यह नवाचार एक एआई-सक्षम, सौर ऊर्जा से संचालित निगरानी प्रणाली है,जिसे मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती समस्या, विशेष रूप से वन सीमावर्ती क्षेत्रों और कृषि परिदृश्यों में, समाधान के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

इस प्रणाली में मोशन सेंसर,उच्च-रिजॉल्यूशन ऑप्टिकल कैमरे, इन्फ्रारेड और थर्मल इमेजिंग जैसी उन्नत तकनीकों का समावेश है। साथ ही, इसमें ऐसे स्मार्ट एल्गोरिद्म शामिल हैं जो प्रजातियों की पहचान, झुंड के आकार का अनुमान और उनकी गतिविधियों की वास्तविक समय में निगरानी करने में सक्षम हैं।

उन्होंने आगे बताया कि किसी भी गतिविधि का पता चलने पर यह प्रणाली स्वतः डेटा एकत्रित और संसाधित करती है तथा निगरानी केंद्रों को तुरंत अलर्ट और दृश्य जानकारी भेजतीहै। इससे वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को समय पर और सटीक कार्रवाई करने में मदद मिलती है, जिससे मैन्युअल गश्त पर निर्भरता कम होती है और प्रतिक्रिया में होने वाली देरी भी घटती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button