अवैध कब्जे से मुक्त हुई नगर निगम की धर्मशाला, नगर आयुक्त की बड़ी कार्रवाई
अलीगढ़, 4 मई। मोहम्मद कामरान।
नगर निगम की सार्वजनिक संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के अभियान के तहत नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सोमवार को वार्ड संख्या-8 स्थित सराय लवारिया मलिन बस्ती में बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन/धर्मशाला को कब्जा मुक्त कराया।
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने शिकायत की थी कि धर्मशाला पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा है और गरीब परिवारों से आयोजनों के नाम पर 11 से 15 हजार रुपये तक की वसूली की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और ताला तुड़वाकर धर्मशाला को खाली कराया।
निरीक्षण में परिसर के अंदर मोटरसाइकिल, मोपेड, साइकिलें और लकड़ी रखी मिली, जिसे नगर निगम ने जब्त कर लिया। मौके पर ही पुलिस और प्रवर्तन दल को बुलाकर कार्रवाई पूरी की गई।
नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि कब्जाधारी ललित कांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम की धर्मशालाएं आमजन के उपयोग के लिए हैं और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल पर संतोष जताया।




