धर्म समाज महाविद्यालय की बड़ी उपलब्धि पर सम्मान समारोह आयोजित

अलीगढ़, 9 मई 2026 (मोहम्मद कामरान)

उत्तर प्रदेश स्तर पर उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता पर आधारित हालिया रैंकिंग में अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय को प्रदेश के टॉप-10 संस्थानों में छठा स्थान प्राप्त होने पर पूर्व विधायक विवेक बंसल की ओर से मैरिस रोड स्थित धर्मपुर कोर्टयार्ड में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नईमा खातून मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर धर्म समाज सोसाइटी के पदाधिकारियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विवेक बंसल ने मुख्य अतिथि प्रो. नईमा खातून, धर्म समाज सोसाइटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल अन्नू, संयुक्त सचिव अतुल अग्रवाल, डी.एस. इंटर कॉलेज के प्रबंधक अंबरीश गर्ग, डी.एस. बाल मंदिर के प्रबंधक संजय गोयल, एग्जीक्यूटिव सदस्य उपेंद्र अग्रवाल तथा प्राचार्य डॉ. मुकेश भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में विवेक बंसल ने कहा कि धर्म समाज महाविद्यालय की यह उपलब्धि पूरे अलीगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उनके पिता भी इस संस्थान से जुड़े रहे थे, इसलिए यह उपलब्धि उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम है तथा हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म समाज महाविद्यालय भविष्य में ऐसा संस्थान बने, जहाँ विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा उपलब्ध हो सके।

मुख्य अतिथि प्रो. नईमा खातून ने महाविद्यालय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सफलता का श्रेय संस्थान की प्रबंध समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत को जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में धर्म समाज महाविद्यालय प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि एएमयू की आधुनिक प्रयोगशालाओं एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों का लाभ धर्म समाज महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भी उपलब्ध कराया जा सकता है, क्योंकि शिक्षा पर किसी का एकाधिकार नहीं होता। प्रो. नईमा खातून ने समाज के संपन्न वर्ग से अपील करते हुए कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग करें, क्योंकि शिक्षा में किया गया निवेश सबसे अधिक लाभकारी होता है।

धर्म समाज महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश भारद्वाज ने संस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महाविद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और संस्थापक राय लाला बद्री प्रसाद के सपनों को साकार करने का कार्य कर रहा है। वहीं धर्म समाज सोसाइटी के सचिव राजीव अग्रवाल अन्नू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समारोह के आयोजन के लिए विवेक बंसल का आभार जताया।

कार्यक्रम के अंत में विवेक बंसल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन एएमयू के पूर्व संगीत शिक्षक जॉनी फॉस्टर ने किया। समारोह में शिक्षा, सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button