इकरा पब्लिक स्कूल में कला एवं शिल्प प्रदर्शनी तथा अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन आयोजित
अलीगढ़, 12 मई-मोहम्मद कमरान
इकरा पब्लिक स्कूल परिसर में कला एवं शिल्प प्रदर्शनी तथा अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इकरा एजुकेशनल फाउंडेशन के प्रेसिडेंट प्रोफेसर अमानुल्लाह खान ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगणों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में कला एवं शिल्प, सुलेख (कैलीग्राफी), चित्रकला, विभिन्न शैक्षणिक मॉडल तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और सृजनात्मकता ने प्रदर्शनी में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन की ओर से कक्षा में 100 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक श्री नसीम अहमद खान, प्रोफेसर आबिद अली खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती फातिमा इरम ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद दिया।




