विश्व नर्सिंग दिवस पर एएमयू मेडिकल कॉलेज में नर्सों की सेवाओं को सराहा गया

अलीगढ़, 12 मई।मोहम्मद कमरान


अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएनएमसीएच) में विश्व नर्सिंग दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मरीजों की देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।

यह कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग विभाग की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर नैयर आसिफ, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रोफेसर नसरीन नूर, असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मिस हमा रूही सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।

अपने संबोधन में प्रोफेसर नैयर आसिफ ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं, जो अपनी पेशेवर दक्षता, सेवा भावना और संवेदनशील व्यवहार से मरीजों को बेहतर उपचार एवं देखभाल प्रदान करती हैं। प्रोफेसर नसरीन नूर ने नर्सिंग स्टाफ की निस्वार्थ सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें समाज का सच्चा सेवक बताया।

मिस हमा रूही ने नर्सिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि वे सेवा, समर्पण और टीम वर्क की भावना के साथ मरीजों की उत्कृष्ट देखभाल का कार्य निरंतर जारी रखें। इस अवसर पर नर्सिंग कर्मियों ने भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और गुणवत्ता के साथ निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान एएमयू नर्सेज एसोसिएशन की ओर से आमजन की सुविधा के लिए एक हाई कैपेसिटी वाटर कूलर भी स्थापित किया गया, जो आरओ-यूवी प्यूरिफिकेशन सिस्टम से युक्त है। यह वाटर कूलर दिवंगत नर्सिंग अधिकारी शमाइला शमशाद की स्मृति में अस्पताल के इंक्वायरी काउंटर के निकट लगाया गया है।

इस सुविधा का उद्घाटन स्वर्गीय शमाइला शमशाद के परिजनों द्वारा किया गया। नर्सेज एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिवंगत नर्सिंग अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ गर्मी के मौसम में मरीजों एवं तीमारदारों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button