RLD को बड़ा झटका: AMU छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष खालिद मसूद कांग्रेस में शामि
अजय राय की मौजूदगी में थामा कांग्रेस का हाथ, समर्थकों संग ली सदस्यता
मोहम्मद कामरान
लखनऊ/अलीगढ़। राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ (AMUSU) के पूर्व अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्तर के पदों पर रह चुके वरिष्ठ नेता ने RLD छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा सीतापुर से सांसद की मौजूदगी में खालिद मसूद ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का हाथ थामा।
मो. खालिद मसूद लंबे समय तक राष्ट्रीय लोक दल में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। वह RLD के माइनॉरिटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा लोक दल तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष छात्र सभा जैसे अहम दायित्व निभा चुके हैं। इसके अलावा वह एएमयू कोर्ट के सदस्य और ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष भी हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि खालिद मसूद के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को विशेष रूप से युवाओं और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठाने का काम कर रही है और नए साथियों के आने से संगठन और मजबूत होगा।
वहीं मो. खालिद मसूद ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास जताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने और प्रदेश में जनता के मुद्दों को उठाने का कार्य करेंगे।
खालिद मसूद की कांग्रेस में एंट्री को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ उनके कांग्रेस में शामिल होने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।



