शाहजमाल कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, कब्रें तोड़कर सड़क निर्माण कराने का विरोध
अलीगढ़, 14 मई । मोहम्मद कामरान
शाहजमाल स्थित वक्फ संख्या-63 की जमीन पर अवैध कब्जों और सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। आरोप है कि लगभग 272 बीघा कब्रिस्तान की जमीन में आधे से अधिक हिस्से पर पहले ही अवैध कब्जा हो चुका है और अब कब्जाधारियों द्वारा अस्थाई रास्ते को पक्का बनवाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान रास्ते में आने वाली कई कब्रों को भी तोड़ दिया गया है। विरोध के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है। मामला शाहजमाल क्षेत्र के अठखम्बे के पीछे स्थित चरखवालान इलाके का बताया जा रहा है, जो वार्ड संख्या-77 में आता है। स्थानीय स्तर पर यह क्षेत्र “बांग्लादेश” और “झुग्गीनगर” के नाम से भी जाना जाता है।
मामले को लेकर वक्फ संपत्ति से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ अवैध कब्जाधारी और कथित सट्टा कारोबार से जुड़े लोग नगर निगम को गुमराह कर सड़क निर्माण करा रहे हैं। उनका कहना है कि जिस जमीन पर सड़क बनाई जा रही है, वह वक्फ संख्या-63 की दर्ज कब्रिस्तान भूमि है, जिसका खसरा नंबर 2521 बताया गया है।
इस संबंध में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को लिखित शिकायत भेजी गई है। शिकायत में कहा गया है कि कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर पक्की सड़क बनाई जा रही है और तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवाया जाए।
शिकायतकर्ता मोइन उद्दीन उर्फ मोनो ने बताया कि नगर आयुक्त को भी मामले से अवगत करा दिया गया है, जबकि सीईओ वक्फ बोर्ड लखनऊ को ईमेल और रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भेजी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वक्फ संपत्ति पर अवैध कब्जों को बढ़ावा मिलेगा और कब्रिस्तान की जमीन पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।




