आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने प्रशासन से रखीं समस्याएं, सीएमएस प्रो. नैयर आसिफ ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

अलीगढ़, 15 मई- मोहम्मद कामरान

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आज आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने अपनी वेतन एवं अन्य समस्याओं को लेकर अस्पताल प्रशासन से मुलाकात की। इस दौरान प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है और जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) प्रो. नैयर आसिफ ने बताया कि कुछ कर्मचारियों की सैलरी में देरी हुई थी, जिसका कारण संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनी थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कंपनी से बातचीत की है और जो भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्याएं थीं, उन्हें दूर करा दिया गया है। कर्मचारियों को जल्द वेतन मिल जाएगा।

प्रो. नैयर आसिफ ने कहा कि अस्पताल प्रशासन हमेशा कर्मचारियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनता है और उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है और उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई तथा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित किए बिना सभी मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button