ईद-उल-अजहा और भीषण गर्मी को लेकर सामाजिक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से की मुलाकात, कई मांगें रखीं

अलीगढ़, 21 मई (मोहम्मद कामरान)
ईद-उल-अजहा की तैयारियों और भीषण गर्मी को देखते हुए बुधवार को अलीगढ़ के सामाजिक लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा से मुलाकात कर शहर की व्यवस्थाओं से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं।
प्रतिनिधिमंडल ने ईद-उल-अजहा के अवसर पर शहर में साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान समाजसेवी गुलजार अहमद ने ईदगाह क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठाते हुए कहा कि ईदगाह के सामने पुलिया निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है, जबकि सराय मियां जाने वाली ईदगाह रोड के नाले में गंदगी जमा है, जिसकी तत्काल सफाई कराए जाने की जरूरत है।
उन्होंने इसके अलावा ऊपरकोट जामा मस्जिद से चौराहा खटीकान तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग भी की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल समाजसेवी एडवोकेट मोहम्मद रेहान ने भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों और रेड लाइट प्वाइंट्स पर ग्रीन नेट लगाने की मांग की, ताकि धूप में खड़े रहने वाले लोगों को राहत मिल सके। इस मांग में दुबे का पड़ाव, मीनाक्षी पुल, मसूदाबाद सिटी स्कूल, सूत मिल चौराहा और सरसौल समेत अन्य स्थानों को शामिल किया गया।
मोहम्मद रेहान ने कहा कि मौजूदा भीषण गर्मी में रेड लाइट पर इंतजार करना बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है, इसलिए जनहित में तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम क्षेत्र में फॉगिंग मशीन चलाने की मांग भी की ताकि गर्मी और मौसमी परेशानियों से लोगों को राहत मिल सके।
नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान मुफ्ती जाहिद अली खान, मोहम्मद रेहान, रशीद, नासिर मोहम्मद, शाह अब्दुल्ला समेत अन्य सामाजिक लोग मौजूद रहे।



