वक्फ नंबर 63 भूमि विवाद: पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान से मिले स्थानीय लोग

अलीगढ़, 30 जून (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ के शाह जमाल कब्रिस्तान स्थित वक्फ नंबर 63 की जमीन को लेकर नगर निगम और स्थानीय निवासियों के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और वक्फ कमेटी से जुड़े लोगों ने पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया।

स्थानीय लोगों और वक्फ कमेटी के सदस्यों का कहना है कि संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में वक्फ नंबर 63 के अंतर्गत कब्रिस्तान के नाम दर्ज है, जिसका खसरा नंबर 2516 बताया जा रहा है। उनका आरोप है कि नगर निगम ने बिना किसी पूर्व सूचना, पैमाइश और दस्तावेजों की जांच के उक्त भूमि पर बोर्ड लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से अब तक मुतवल्ली या वक्फ कमेटी को कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, अप्रैल माह में भी इसी प्रकार बोर्ड लगाकर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। उनका कहना है कि नगर निगम की स्थापना के बाद से कई वर्षों तक इस भूमि को कब्रिस्तान की जमीन माना जाता रहा, लेकिन अब अचानक इसे निगम की संपत्ति बताया जा रहा है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

वक्फ कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इसी भूमि के एक हिस्से पर सड़क निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से टेंडर भी जारी किया गया था। इस संबंध में मुतवल्ली मोइन अहमद के साथ जिलाधिकारी के नाम शिकायत पत्र सौंपा गया था तथा अपर जिलाधिकारी (नगर) से भी मुलाकात की गई थी, जिसके बाद फिलहाल सड़क निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

इस मामले को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान से मुलाकात के दौरान लोगों ने मांग की कि वह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी अविनाश कुमार और मंडलायुक्त संगीता सिंह से मुलाकात का समय दिलाएं, ताकि पूरे मामले और संबंधित दस्तावेजों से प्रशासन को अवगत कराया जा सके।

पूर्व मेयर मोहम्मद फुरकान ने लोगों की बात गंभीरता से सुनी और आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। वहीं, वक्फ कमेटी के सदस्यों का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button