शाह जमाल में 40 दिनों से गंदे पानी की सप्लाई, लोगों ने नगर आयुक्त से लगाई गुहार

अलीगढ़, 30 जून (मोहम्मद कामरान)

शहर के शाह जमाल स्थित चरखवालान चौराहा क्षेत्र के लोग पिछले 40 दिनों से नाले का गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई किए जाने से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

क्षेत्र के लोगों के अनुसार, उन्होंने सबसे पहले उत्तर प्रदेश सरकार के एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (जनसुनवाई पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि इलाके में पीने के स्वच्छ पानी के बजाय गंदा और दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, हालांकि अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

लोगों का कहना है कि 29 मई को शिकायत का निस्तारण दिखा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति लगातार जारी है और कोई कर्मचारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा।

समस्या से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने मंगलवार को अलीगढ़ के नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई है कि शाह जमाल चरखवालान क्षेत्र में स्थापित मिनी ट्यूबवेल से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को गंदे और बदबूदार पानी से राहत मिल सके।

ज्ञापन देने वालों में नजमा, आरिफ, साजिद, निशा, मबीना, जमील, साजिद, मुमताज, आमिर, शाहिद, तारिक, माजिद सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button