किसानों के हक में कांग्रेस सड़कों पर, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

अलीगढ़, 30 जून (मोहम्मद कामरान)

धान की रोपाई और खरीफ फसलों की बुवाई के मौसम में किसानों को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद, बीज और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर मंगलवार को पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि धान की रोपाई और खरीफ फसलों की बुवाई का समय शुरू होने वाला है, लेकिन रासायनिक खाद की जमाखोरी के कारण किसानों को खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी केंद्रों पर भी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। जिस किसान को चार बोरी खाद की आवश्यकता होती है, उसे पूरे दिन लाइन में लगने के बाद भी केवल एक बोरी खाद ही मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने के कारण किसानों को सिंचाई की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिजली कटौती न करने के निर्देशों के बावजूद प्रदेश में बिजली संकट बना हुआ है, जिससे किसान परेशान हैं।

विवेक बंसल ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दस वर्षों में दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन बारह वर्षों के शासन के बाद भी किसानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। छोटे किसान रोजगार की तलाश में गांव छोड़कर शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी परिस्थितियों में सरकार “समृद्ध किसान, खुशहाल देश” का नारा किस आधार पर दे रही है।

धरने को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष नवेद खान, सुबोध नंदन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष हाजी नौशाद कुरैशी, डीआर यादव, वीनीश कुमार सिंह, डॉ. मोहम्मद सुहैल अख्तर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव और रईस गाजी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

कार्यक्रम के समापन पर रासायनिक खाद, बीज की पर्याप्त उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह को सौंपा गया। धरने की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह ने की, जबकि संचालन नदीम गफूर ने किया।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी, मोहम्मद असलम कुरैशी, शाहरुख खान, इरशाद फरीदी, आमिल हुसैन, शाहिद खान, साबिर मोहम्मद, नदीम अहमद जैदी, अखिलेश कुमार प्रजापति, डॉ. राकेश सारस्वत, सईदुद्दीन चौधरी, मजीदन नेतानी, रिजवाना बेगम, सय्यद राशिद अली, कुतुबुद्दीन, नसरुद्दीन अहमद, फकीरा, बाबुद्दीन अब्बासी, शहबाज जियाउद्दीन, मोहम्मद आसिफ, जाकिर अब्बास, सय्यद शहजाद हुसैन, मोहम्मद मंसूर, आजम कुरैशी, मुकीम पठान, हबीब मलिक, शाहजेब नसीर, आमिर जमील, फतेह मोहम्मद खान, वसीम मलिक, कपिल अग्रवाल, अजय बघेल, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद दिलशाद, शहजाद आलम, सुशील कुमार, नवाब एम. खान, कुलदीप कुमार, पिंकू बघेल, हिमांशु अग्रवाल, नबी अहमद, आरिफ सिद्दीकी, विकास चेतन, सुरेंद्र बघेल, अकील अहमद कस्सार, सनी प्रजापति, अनुराग प्रताप सिंह, ऋषभ गांधी, अर्पित यादव, इलियास सैफी, कुंवर शोएब, प्रशांत सिंह, विशाल, प्रमोद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button