आरएमपीएसयू में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप

अलीगढ़, 2 जुलाई। मोहम्मद कामरान
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में 6 जुलाई को आयोजित होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह को सफल, भव्य एवं गरिमामय बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में अंतिम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद समारोह का रिहर्सल भी कराया गया।
बैठक में कुलसचिव (एडीएम) प्रबुद्ध सिंह, परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी निजिलिंगप्पा, उपकुलसचिव पवन कुमार सहित विभिन्न समितियों के समन्वयकों, सह-समन्वयकों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भाग लिया। कुलपति ने समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आयोजन में गरिमा, अनुशासन और उत्कृष्टता का विशेष ध्यान रखा जाए।
कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दिन सामाजिक सरोकार के तहत 55 बालिकाओं का एचपीवी (HPV) टीकाकरण भी कराया जाएगा। इनमें 20 बालिकाएं जिला प्रशासन, 20 पुलिस प्रशासन तथा 15 विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों से होंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
बैठक के बाद आयोजित रिहर्सल में स्वर्ण पदक विजेता छात्र-छात्राओं के प्रवेश एवं निकास, मंच पर पदक वितरण, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट वितरण तथा जल संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति का अभ्यास कराया गया। रिहर्सल का संचालन प्रो. अंजना कुमारी, प्रो. नीता वार्ष्णेय, प्रो. शुभनेश गोयल, प्रो. गीतिका सिंह एवं डॉ. रविंद्र के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रो. हरीश शर्मा, प्रो. चंद्रवीर सिंह, प्रो. सुभाष चौधरी, प्रो. के.डी. वर्मा, प्रो. रणवीर सिंह, प्रो. रोली अग्रवाल, प्रो. पुष्पेंद्र सिंह यादव, डॉ. शाहनवाज खान, डॉ. नीरू वार्ष्णेय, डॉ. रजनी रानी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. बबीता शर्मा, डॉ. कीर्ति, डॉ. आयुष गौर, डॉ. मनीषा गुप्ता, डॉ. केशव शर्मा, डॉ. तहसीन मंडल, डॉ. अभिषेक पाल, डॉ. शिवम मिश्रा, गगन प्रताप सिंह और रूप कुमार सिंह सहित विभिन्न समितियों के सदस्य एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग और समन्वय से तृतीय दीक्षांत समारोह सफल, सुव्यवस्थित और विश्वविद्यालय की गरिमापूर्ण परंपराओं के अनुरूप संपन्न होगा।



