अलीगढ़ में 64 हजार स्ट्रीट लाइटें ऑटोमेशन सिस्टम से जुड़ीं, ICCC से होगी 24 घंटे निगरानी

अलीगढ़, 2 जुलाई : मोहम्मद कामरान
अलीगढ़ नगर निगम ने शहर की 64 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइटों को आधुनिक ऑटोमेशन सिस्टम से जोड़ते हुए उनका संचालन इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के माध्यम से शुरू कर दिया है। महापौर प्रशांत सिंघल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने गुरुवार को इस व्यवस्था का उद्घाटन किया।
करीब 37.37 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत स्ट्रीट लाइटों की 24 घंटे ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। किसी भी खराब या बंद स्ट्रीट लाइट की जानकारी तत्काल ICCC को मिलेगी और संबंधित एजेंसी को 8 से 12 घंटे के भीतर उसे दुरुस्त करना होगा। निर्धारित समय में मरम्मत नहीं होने पर एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि 1432 सीसीएमएस (CCMS) के माध्यम से स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को कंट्रोल सेंटर से जोड़ा गया है। अब लाइटें सूर्यास्त पर स्वतः चालू और सूर्योदय पर स्वतः बंद होंगी, जिससे ऊर्जा की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि नागरिक खराब स्ट्रीट लाइट की सूचना हेल्पलाइन 1533 या अलीगढ़ नगर सेवा ऐप के माध्यम से दे सकते हैं।

महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि यह व्यवस्था बेहतर प्रकाश व्यवस्था, त्वरित शिकायत निस्तारण और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उद्घाटन कार्यक्रम में पार्षद योगेश सिंघल, दीपक चौधरी, विनोद माहौर, योगेंद्र पाल सिंह, रामकिशोर, सद्दाम अशर्फी, आकिल, पूर्व पार्षद गुलफाम तथा अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



