कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में एएमयू की प्रो. समी रफीक की पुस्तक पर हुई चर्चा

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर समी रफीक की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘इनोसेंट रैप्चर्सः स्टोरीज ऑन द नॉन-ह्यूमन’ (हावाकल, 2026) पर यूनाइटेड किंगडम के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के वुल्फसन कॉलेज में एक विशेष परिचर्चा आयोजित की गई।
मानव और गैर-मानव जीवों के बीच जटिल संबंधों पर आधारित इस पुस्तक पर आयोजित चर्चा हाइब्रिड माध्यम से संपन्न हुई। कार्यक्रम में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के छात्र, शोधार्थी एवं शिक्षकों ने भाग लिया, जबकि दुनिया के विभिन्न देशों से अनेक प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े।
अपने संबोधन में प्रो. समी रफीक ने बताया कि बचपन में पशु-पक्षियों के साथ उनके अनुभवों और प्रकृति से जुड़ाव ने उनकी लेखन यात्रा को प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में एएमयू के अंग्रेजी विभाग के डॉ. आयुष गौर तथा किंग्स कॉलेज लंदन के शोधार्थी अब्दुल सबूर किदवई ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
परिचर्चा का संचालन कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की पीएचडी शोधार्थी मदीहा नोमान ने किया। उन्होंने पर्यावरण, रचनात्मक लेखन की प्रक्रिया तथा पुस्तक के विभिन्न विषयों पर विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे, जिनका प्रो. सामी रफीक ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र तथा पुस्तक पर हस्ताक्षर (बुक साइनिंग) के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button