अलीगढ़ के युवाओं को एडवेंचर से जोड़ने की पहल, छात्रों के लिए मुफ्त सदस्यता शुरू

अलीगढ़, 3 सितंबर (मोहम्मद कामरान)

छात्रों को पढ़ाई के साथ साहसिक एवं आउटडोर गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से अलीगढ़ एडवेंचर क्लब ने 12 वर्ष से अधिक आयु के छात्रों के लिए मुफ्त सदस्यता की शुरुआत की है। क्लब का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें प्रकृति के करीब लाना है।

क्लब के सचिव और पर्वतारोही सुहैल अहमद ने बताया कि छात्रों के समूह तैयार कर उन्हें हिमालय सहित विभिन्न स्थानों पर एडवेंचर गतिविधियों का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत ट्रेकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, कैंपिंग, साइकिलिंग आदि गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और माउंटेनियरिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

क्लब के अध्यक्ष एवं एवरेस्ट पर्वतारोही अरविंद ने कहा कि युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी सुरक्षित और व्यवस्थित भागीदारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। क्लब की ओर से एडवेंचर क्षेत्र में करियर और प्रशिक्षण के अवसरों की जानकारी भी छात्रों को उपलब्ध कराई जाएगी।

क्लब पदाधिकारियों के अनुसार, अलीगढ़ के छात्रों के लिए यह पहल शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का नया मंच प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button