एएमयू गर्ल्स स्कूल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर संवाद सत्र आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के गर्ल्स स्कूल में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर विद्यार्थियों के भावनात्मक कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए संवाद सत्र आयोजित किया गया।
एएमयू के विमेंस कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की अतिथि शिक्षक डॉ. ईशा रहमान ने छात्राओं और शिक्षकों के साथ विभिन्न गतिविधियां कीं। इन गतिविधियों के माध्यम से भावनाओं को व्यक्त करने, दूसरों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और आवश्यकता पड़ने पर मदद मांगने के महत्व पर जोर दिया गया। सत्र में ऐसे सहयोगपूर्ण वातावरण की आवश्यकता भी रेखांकित की गई, जहां लोग बिना किसी आलोचना या भेदभाव के डर के अपनी भावनात्मक परेशानियों पर चर्चा कर सकें।
कक्षा दसवीं की छात्रा जेहरा ने उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने युवाओं के सामने आने वाली भावनात्मक चुनौतियों, पढ़ाई के दबाव और सामाजिक अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला और धन्यवाद ज्ञापन भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य आमना मलिक और उपप्रधानाचार्य अलका अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। डॉ. वसीम रजा, हुमा मुख्तार और बुशरा किरमानी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान दिया।



