एएमयू मुर्शिदाबाद केंद्र में विधि के नए विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मुर्शिदाबाद केंद्र के विधि विभाग ने बीए एलएल.बी. प्रथम वर्ष में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक वातावरण, संस्थागत सुविधाओं और विधि शिक्षा के पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के दौरान उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुर्शिदाबाद केंद्र के निदेशक प्रो. निगमानंद विश्वास ने उचित मार्गदर्शन, समय प्रबंधन और केंद्र में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्यों के प्रति एकाग्र रहने तथा निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इससे पहले विधि विभाग की पाठ्यक्रम समन्वयक एवं प्रभारी शायला महमूद ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और केंद्र में उपलब्ध समय का सदुपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने विधिक ज्ञान, आत्मविश्वास और वकालत संबंधी कौशल विकसित करने के लिए मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं, सेमिनारों और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के महत्व पर भी जोर दिया।
विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पांच वर्षीय एकीकृत बीए एलएल.बी. पाठ्यक्रम की जानकारी दी और कानून को व्यापक सामाजिक संदर्भ में समझने की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को विधि की पुस्तकों से आगे बढ़कर राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास और दर्शन जैसे विषयों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनका दृष्टिकोण व्यापक हो सके।
केंद्र के प्रशासनिक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को केंद्र की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में तलबीदा नाज और अंदलीब ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button