एएमयू का वास्तुकला विभाग लखनऊ में काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के शैक्षणिक महोत्सव में शामिल हुआ

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कालिज आफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नालोजी के वास्तुकला विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों की एक टीम ने लखनऊ में आयोजित ‘आरंभ-लखनऊ’ वास्तुकला शैक्षणिक महोत्सव में भाग लिया। इसका आयोजन काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय के सभागार में किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 9 से 12 तक के स्कूली विद्यार्थियों को वास्तुकला की शिक्षा और इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराना था। इसमें उत्तर प्रदेश के दस वास्तुकला महाविद्यालयों ने भाग लिया।
डॉ. खान अमादुर रहमान ने वास्तुकला शिक्षा और पेशे से जुड़े उभरते मुद्दों पर आयोजित परिचर्चा में हिस्सा लिया। छात्र स्वयंसेवकों अनस सिद्दीकी, मोहम्मद कैफ खान, सैयद मोहम्मद हस्सान, एमडी अशहर जमाल और अयान अहमद ने अपने शैक्षणिक प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए। इनमें हाथ से बनाए गए और कंप्यूटर की मदद से तैयार किए गए डिजाइन, लेजर कट मॉडल तथा त्रि-आयामी प्रिंटिंग से बने भवनों के मॉडल शामिल थे। विद्यार्थियों ने वहां आए स्कूली छात्रों से भी बातचीत की और उनके साथ अपने शैक्षणिक अनुभव साझा किए।
इस टीम की भागीदारी का समन्वय डॉ. खान अमादुर रहमान ने किया। उन्हें विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद फरहान फाजली का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।



