सीपेकामी ने अल्लामा इकबाल की जयंती पर व्याख्यान आयोजित किया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर प्रमोशन ऑफ एजुकेशनल एंड कल्चरल एडवांसमेंट ऑफ मुस्लिम्स ऑफ इंडिया (सीपेकामी) ने 9 नवंबर को मनाई जाने वाली डॉ. मोहम्मद इकबाल की जयंती के उपलक्ष्य में एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया। कार्यक्रम में इकबाल के साहित्यिक योगदान, दार्शनिक दृष्टिकोण और उनकी स्थायी बौद्धिक विरासत को रेखांकित किया गया।
मुख्य वक्ता प्रो. राशिद शाज ने अपने संबोधन में डॉ. मोहम्मद इकबाल के कवि, दार्शनिक और दूरदर्शी चिंतक के बहुआयामी व्यक्तित्व पर चर्चा की। उन्होंने इकबाल की कविता और गद्य की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी रचनाएं मानवीय भावनाओं और बुद्धि, दोनों को समान रूप से प्रभावित करती हैं। उन्होंने इकबाल के महत्वपूर्ण भाषणों और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के साथ उनके बौद्धिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया। व्याख्यान के बाद विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक चर्चा हुई।
अध्यक्षीय संबोधन में सीपेकामी के निदेशक प्रो. मुहिबुल हक ने केंद्र के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में शैक्षणिक और साहित्यिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमुख मुस्लिम विचारकों की बौद्धिक विरासत से परिचित कराने और उनके विचारों पर आलोचनात्मक दृष्टि से विचार करने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत सीपेकामी के सहायक निदेशक डॉ. अहमद मुजतबा सिद्दीकी की प्रारंभिक टिप्पणी से हुई। उन्होंने इकबाल के कलाम के स्थायी महत्व और पीढ़ियों पर उसके गहरे प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने मुख्य वक्ता प्रो. राशिद शाज का परिचय भी कराया।
ला मदरसा लिटरेरी एंड कल्चरल सोसाइटी की संयोजक डॉ. कौसर फातिमा ने सोसाइटी के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी बौद्धिक, रचनात्मक और कलात्मक क्षमताओं को विकसित करने के उद्देश्य से वर्ष 2013 में ब्रिज कोर्स की शुरुआत के साथ ही इस सोसाइटी की स्थापना की गई थी।
कार्यक्रम में सीपेकामी के शिक्षक डॉ. अस्फिया करीमी, डॉ. मोहम्मद शेराज बट, डॉ. महक हबीब और डॉ. तहव्वुर हुसैन के साथ ब्रिज कोर्स के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोहम्मद हारिस बिन मंसूर ने किया।



