एएमयू की स्थापत्य विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का कुलपति प्रो. नइमा खातून ने किया उद्घाटन

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने मुईनुद्दीन अहमद आर्ट गैलरी में ‘अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापत्य भव्यता’ विषय पर आयोजित एक सप्ताह की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

एएमयू हेरिटेज सेल ने मोइनुद्दीन अहमद आर्ट गैलरी के सहयोग से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया है। इसमें हेरिटेज सेल द्वारा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक इमारतों के दस्तावेजीकरण और संरक्षण के लिए किए गए कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही वास्तुकला विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए स्थापत्य चित्रों और विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक इमारतों से संबंधित दस्तावेजों को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में एएमयू की समृद्ध स्थापत्य विरासत के साथ परिसर के ऐतिहासिक और वास्तुशिल्पीय विकास की झलक प्रस्तुत की गई है।

प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण मुहम्मडन एंग्लो-ओरिएंटल (एमएओ) कॉलेज के प्रस्तावित भवनों के मूल स्थापत्य चित्र हैं, जिन्हें इसके संस्थापक सर सैयद अहमद खान के जीवनकाल में तैयार किया गया था। ये ऐतिहासिक दस्तावेज उस शुरुआती स्थापत्य परिकल्पना की झलक प्रस्तुत करते हैं, जिसके आधार पर आगे चलकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का विकास हुआ।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नइमा खातून ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापत्य विरासत उसकी संस्थागत पहचान का अभिन्न हिस्सा है और इसमें उसके संस्थापक की दूरदृष्टि, इतिहास और आकांक्षाएं प्रतिबिंबित होती हैं। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक इमारतों का संरक्षण और उनके विकास का दस्तावेजीकरण केवल संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विरासत को गहराई से समझने और उसके संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रदर्शनी का उद्देश्य विश्वविद्यालय की स्थापत्य विरासत के दस्तावेजीकरण, समझ और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रदर्शनी का संयुक्त क्यूरेशन हेरिटेज सेल के संयोजक प्रो. मोहम्मद फरहान फाजली और मोइनुद्दीन अहमद आर्ट गैलरी की समन्वयक प्रो. बदर जहां ने किया। आयोजन टीम में प्रदर्शनी समन्वयक प्रो. सबीह अख्तर, प्रदर्शनी संयोजक प्रो. मोहम्मद खालिद हसन और आयोजन सचिव डॉ. एस. एम. नोमान तारिक शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button