विश्व मधुमेह दिवस पर एएमयू ने लगाए जागरूकता एवं जांच शिविर

 

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर यूनानी चिकित्सा संकाय के मुआलजात (चिकित्सा) एवं इल्मुल अमराज विभागों तथा अजमल खान तिब्बिया कॉलेज (एकेटीसी) के इलाज बित तदबीर विभाग के माध्यम से मधुमेह जागरूकता एवं जांच के तीन कार्यक्रम आयोजित किए।

मुआलजात (चिकित्सा) विभाग ने नई दिल्ली की मेडिकल सर्विस सोसाइटी के सहयोग से जमालपुर स्थित हमदर्द नगर के अब्दुल हमीद इंडस पब्लिक स्कूल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें करीब 180 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श, मधुमेह जांच, स्वास्थ्य संबंधी सलाह और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सा दल में डॉ. मुरसलीन नसीर और डॉ. एस. जावेद अली के साथ परास्नातक विद्यार्थी डॉ. अब्दुल्ला फैजुल हसन, डॉ. सलीका मोहम्मद, डॉ. फवाज नासिर, डॉ. जुहैना साद और डॉ. तसनीम परवीन शामिल रहे। बीयूएमएस प्रशिक्षु मोहम्मद फरमान और गुल हसन ने भी सहयोग किया। विभागाध्यक्ष प्रो. बदरुद्दुजा खान ने चिकित्सा दल के प्रयासों और सहयोगी संस्था के योगदान की सराहना की।

इल्मुल अमराज विभाग में विभाग के अध्यक्ष डॉ. अताउल्लाह फहद के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से पुलिस लाइंस, अलीगढ़ में मधुमेह जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के रक्तचाप, नाड़ी गति, बॉडी मास इंडेक्स, रक्त शर्करा और ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन (एचबीए1सी) की जांच की गई। डॉ. निदा सुल्ताना ने जागरूकता व्याख्यान में मधुमेह के लक्षणों, जोखिम कारकों, जटिलताओं और बचाव के उपायों की जानकारी दी। डॉ. अताउल्लाह फहद ने समय पर बीमारी की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में एसपी क्राइम श्रीमती ममता कुरील, रिजर्व इंस्पेक्टर शिव कुमार, डॉ. निदा सुल्ताना, डॉ. मोहसिन मसूद, डॉ. इशरत अली, विभाग के शिक्षक और परास्नातक शोधार्थी शामिल हुए। अधिवक्ता नदीम अंजुम और प्रोजेक्ट उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष आदिल जवाहर ने भी भाग लिया। ममता कुरील ने संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला।

एकेटीसी के इलाज बित तदबीर विभाग ने कॉलेज के शताब्दी समारोह के तहत ‘मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई’ विषय पर निःशुल्क रक्त शर्करा एवं अस्थि खनिज घनत्व (बीएमडी) जांच शिविर आयोजित किया। यूनानी चिकित्सा संकाय की डीन प्रो. सैयदा आमिना नाज और एकेटीसी के प्राचार्य प्रो. बदरुद्दुजा खान ने शिविर का उद्घाटन किया। इसमें करीब 150 मरीजों और विश्वविद्यालय कर्मचारियों की जांच की गई। रक्त शर्करा और अस्थि खनिज घनत्व की जांच के साथ प्रतिभागियों में मांसपेशियों एवं हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की भी पड़ताल की गई। जांच में असामान्य परिणाम मिलने वाले लोगों को निःशुल्क कैल्शियम एवं विटामिन-डी की खुराक और जीवनशैली संबंधी परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में इलाज बित तदबीर विभाग की अध्यक्ष प्रो. असिया सुल्ताना, डॉ. एम. साद ए. खान, डॉ. मोहम्मद शोएब, डॉ. सफिया उस्मानी, डॉ. शमामा उस्मानी, परास्नातक शोधार्थी, प्रशिक्षु और पीजी डिप्लोमा के विद्यार्थी शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button