प्रतिनिधिमंडलों तक सीमित न रहे मुस्लिम संवाद; विकसित भारत 2047 में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी : प्रो. जसीम मोहम्मद

प्रधानमंत्री मोदी गाँवों-कस्बों के गरीब मुसलमानों से सीधे संवाद के लिए राष्ट्रीय पहल शुरू करें : मुस्लिम फोरम


नई दिल्ली 26-11-2026 : फोरम फॉर मुस्लिम स्टडीज एंड एनालिसिस के सेक्रेटरी जनरल प्रो. जसीम मोहम्मद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे देश के गाँवों, कस्बों और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में रहने वाले गरीब मुसलमानों से सीधे संवाद के लिए एक राष्ट्रीय पहल शुरू करें। उन्होंने सुझाव दिया है कि ग्राम प्रधानों, किसानों, बुनकरों, शिक्षकों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि आम मुस्लिम नागरिक अपनी समस्याएँ और आकांक्षाएँ सीधे प्रधानमंत्री तक पहुँचा सकें।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से वे प्रधानमंत्री के कार्यों, विचारों और नीतियों पर शोध कर रहे हैं। पिछले एक दशक में मुस्लिम बुद्धिजीवियों, धर्मगुरुओं और प्रतिनिधिमंडलों से प्रधानमंत्री की मुलाकातें हुई हैं, लेकिन उनका अपेक्षित संदेश आम मुसलमानों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुँच पाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा विभिन्न वर्गों और समुदायों से संवाद को महत्व दिया है, लेकिन मुस्लिम समाज के संदर्भ में यह संवाद अब तक काफी हद तक प्रतिनिधिमंडलों और चुनिंदा व्यक्तियों तक सीमित रहा है। यह प्रवृत्ति कांग्रेस की परंपरागत राजनीतिक सोच से आगे बढ़कर बदलने की आवश्यकता है, जिसमें मुस्लिम समाज को प्रायः कुछ धार्मिक प्रतिनिधियों और सीमित चेहरों के माध्यम से समझने का प्रयास किया जाता रहा है।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने अपने शोध का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान मिले हैं और उनकी वैश्विक छवि मजबूत हुई है, लेकिन देश के गाँवों, कस्बों, ब्लॉकों और विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले आम मुसलमानों के साथ प्रत्यक्ष संवाद की कमी महसूस की गई है। उन्होंने कहा कि आम मुस्लिम नागरिक भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद की पहल की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब आवश्यकता है कि प्रधानमंत्री उनसे सीधे जुड़ें और विश्वास तथा सहभागिता का नया अध्याय शुरू करें।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि सरकार को मुस्लिम समाज को देखने की पारंपरिक राजनीतिक सोच से बाहर निकलना होगा। कांग्रेस की राजनीति में लंबे समय तक मुसलमानों की पहचान को दाढ़ी, टोपी, शायर, शेरवानी, मस्जिदों के इमाम, मदरसों के मोहतमिम और कव्वालों तक सीमित रखने की प्रवृत्ति दिखाई दी। जबकि मुस्लिम समाज में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, किसान, व्यापारी, महिलाएँ, बुनकर, युवा और मजदूर सहित अनेक वर्ग हैं, जिनकी आकांक्षाओं और समस्याओं को समझना जरूरी है।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने सुझाव दिया कि ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित हों। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा तभी मजबूत होगी, जब समाज के सभी वर्गों और श्रेणियों की समान भागीदारी सुनिश्चित होगी। विकसित भारत 2047 का लक्ष्य भी इसी व्यापक सामाजिक सहभागिता से पूरा होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button