प्रधानमंत्री मोदी और गाँवों- कस्बों के मुसलमानों के बीच विश्वास और संवाद की नई पहल की जरूरत – प्रो. (डॉ.) जसीम मोहम्मद
विकसित भारत 2047 में भारतीय मुस्लिम समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना समय की मांग

भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और भारतीय मुस्लिम समाज के विभिन्न धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों तथा सामाजिक प्रतिनिधियों के बीच पिछले एक दशक में हुई मुलाकातों का इतिहास एक महत्वपूर्ण संवाद की कहानी प्रस्तुत है। वर्ष 2015 में 30 सदस्यीय मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल से प्रधानमंत्री की मुलाकात, 2016 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल और मुस्लिम बुद्धिजीवियों से संवाद, 2017 में उलेमा एवं जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रतिनिधियों से मुलाकात और इसके बाद 2024 तथा 2025 में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें इस सिलसिले के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। दाऊदी बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के साथ प्रधानमंत्री का संवाद भी उल्लेखनीय है।
लेकिन इन मुलाकातों के लगभग एक दशक बाद एक महत्वपूर्ण प्रश्न सामने है—क्या इन संवादों का संदेश और उनसे जुड़ी विकास संबंधी अपेक्षाएँ देश के सामान्य मुसलमानों, विशेषकर गाँवों, कस्बों और मुस्लिम बहुल क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुँच सकीं ?
मेरा मानना है कि इस दिशा में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। प्रधानमंत्री से मिलने वाले अनेक प्रतिनिधियों के पास धार्मिक, सामाजिक और शैक्षिक संस्थाओं के माध्यम से समाज तक पहुँचने की क्षमता थी। इसके बावजूद शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, सरकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद को व्यापक जनभागीदारी में बदलने का अपेक्षित प्रयास दिखाई नहीं देता। कुछ प्रतिनिधियों और राजनीतिक व्यक्तियों के बाद के सार्वजनिक वक्तव्य भी यह संकेत देते हैं कि प्रधानमंत्री से मुलाकात अपने आप में स्थायी सामाजिक सहमति या विश्वास का आधार नहीं बन सकी।
दूसरी ओर, अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग, अमेरिकी विदेश विभाग और ह्यूमन राइट्स वॉच जैसी संस्थाओं की भारत संबंधी रिपोर्टों में धार्मिक स्वतंत्रता, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सामाजिक भेदभाव को लेकर समय-समय पर गंभीर चिंताएँ व्यक्त की गई हैं। इन रिपोर्टों के निष्कर्षों और भारतीय सरकार के दृष्टिकोण के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठने वाले इन प्रश्नों को संवाद, पारदर्शिता और तथ्यात्मक जवाबदेही के माध्यम से संबोधित करना आवश्यक है। यह भी समझना होगा कि केवल प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना दो अलग-अलग बातें हैं। मुस्लिम समाज के भीतर भी नेतृत्व और आम नागरिकों के बीच दूरी है। इसी प्रकार सरकार और मुस्लिम बहुल गाँवों-कस्बों के नागरिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद की आवश्यकता बनी हुई है।
सरकार के स्थानीय प्रतिनिधियों को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। विश्वास केवल भाषणों, मुलाकातों या नारों से नहीं बनता; वह न्यायपूर्ण व्यवहार, सम्मान, सुरक्षा, अवसर और निरंतर संपर्क से बनता है। इसी प्रकार मुस्लिम समाज के धार्मिक और सामाजिक नेतृत्व को भी अपनी भूमिका व्यापक बनानी होगी। उन्हें समुदाय के युवाओं को शिक्षा, आधुनिक तकनीक, उद्यमिता, राष्ट्र निर्माण और संवैधानिक जिम्मेदारियों से जोड़ना चाहिए। मेरे विचार में प्रधानमंत्री और भारतीय मुसलमानों के बीच विश्वास की नई कड़ी स्थापित करने का यह उपयुक्त समय है। यह पहल किसी राजनीतिक लाभ या प्रतीकात्मक कार्यक्रम तक सीमित न होकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का अभियान बननी चाहिए।
अब समय है कि प्रधानमंत्री एक नई पहल के तहत मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के ग्राम प्रधानों, स्थानीय शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करें। विभिन्न राज्यों और शहरों में विशेष सम्मेलन आयोजित हों, जिनमें सरकारी योजनाओं की जानकारी, शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और स्थानीय विकास की समस्याओं पर खुली चर्चा हो। ऐसे संवाद में किसी विशेष संस्था या संगठन का एकाधिकार न हो, बल्कि समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व मिले।
साथ ही, पहले प्रधानमंत्री से मिल चुके मुस्लिम नेताओं और संस्थाओं की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए कि उन्होंने उन मुलाकातों के संदेश को अपने समुदाय तक किस सीमा तक पहुँचाया। प्रधानमंत्री और आम मुस्लिम नागरिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद, विश्वास और सहभागिता की नई कड़ी स्थापित करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
सरकार को मुस्लिम समाज को देखने और समझने की अपनी पारंपरिक सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। केवल मस्जिदों के इमामों, मदरसों के मोहतमिमों, कव्वालों, सूफी दरगाहों के सज्जादानशीनों या धार्मिक प्रतिनिधियों को ही संपूर्ण मुस्लिम समाज का प्रतिनिधि मान लेना सही दृष्टिकोण नहीं है। टोपी, दाढ़ी, शेरवानी और कुर्ते के आधार पर आम मुसलमान की पहचान और उसकी अपेक्षाओं को नहीं समझा जा सकता। मुस्लिम समाज में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, किसान, व्यापारी, मजदूर, महिलाएँ, युवा और आधुनिक शिक्षा प्राप्त नागरिक भी हैं, जिनकी अपनी समस्याएँ और आकांक्षाएँ हैं। कांग्रेस की राजनीति में भी लंबे समय तक इस सीमित प्रतिनिधित्व की छवि दिखाई देती रही है। मोदी सरकार को इस दृष्टिकोण से आगे बढ़कर मुस्लिम समाज के सभी वर्गों से सीधे संवाद स्थापित करना चाहिए।
विकसित भारत 2047 का संकल्प तभी सार्थक होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक, चाहे वह किसी भी धर्म, जाति या क्षेत्र से संबंधित हो, विकास की प्रक्रिया में समान भागीदार बने। भारतीय मुसलमानों को केवल प्रतिनिधिमंडलों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे उनके गाँवों, कस्बों और घरों तक पहुँचकर संवाद में शामिल करना होगा। प्रधानमंत्री और आम मुसलमान के बीच दूरी कम करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मुस्लिम नेतृत्व और पूरे समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। विश्वास का नया अध्याय यहीं से शुरू हो सकता है।

(लेखक प्रोफेसर और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व मीडिया सलाहकार हैं। ईमेल: profjasimmd@gmail.com )



