अलीगढ़ में 29-30 अगस्त को जुटेंगे कैंसर विशेषज्ञ, रोकथाम और शुरुआती जांच पर होगा मंथन
अलीगढ़, 26 अगस्त (मोहम्मद कामरान)।
कैंसर की रोकथाम, नियमित जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से FOGSI Conclave – Preventive Oncology 2026 का आयोजन 29 और 30 अगस्त को जीटी रोड स्थित होटल रामाडा में किया जाएगा। इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम “Learn the Power of Cancer Prevention” रखी गई है।
आयोजकों के अनुसार दो दिवसीय कार्यक्रम में महिलाओं सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर के जोखिम कारकों, बचाव, स्क्रीनिंग और शुरुआती लक्षणों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जानकारी साझा की जाएगी। विशेष रूप से स्तन, सर्वाइकल, ओवेरियन, एंडोमेट्रियल और वल्वल कैंसर से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
कॉन्क्लेव में देश के विभिन्न हिस्सों से 100 से अधिक चिकित्सकों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन सचिव डॉ. अलका मित्तल, डॉ. नम्रता भारद्वाज और डॉ. सुम्बुल नईम ने बताया कि मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए कैंसर की रोकथाम का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में चिकित्सकों के लिए वैज्ञानिक सत्रों के साथ PG Quiz और E-Poster Presentations भी आयोजित किए जाएंगे। अलीगढ़ ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी सोसायटी के अनुसार प्रतिभागी चिकित्सकों के लिए UPMC क्रेडिट पॉइंट्स भी उपलब्ध होंगे।
आयोजकों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और शुरुआती पहचान से बीमारी के गंभीर प्रभावों को कम करने में मदद मिल सकती है।




