जेएन मेडिकल कालिज के 64वें स्थापना कॉलेज दिवस पर स्नातक विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त शिक्षकों और 1982 बैच के पूर्व छात्रों का सम्मान

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कॉलेज की स्थान के 64 वर्ष पूर्ण होन पर कालिज दिवस 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी, सेवानिवृत्त शिक्षक और पूर्व छात्र शामिल हुए। इस अवसर पर कॉलेज की उपलब्धियों और गौरवशाली परंपरा को याद किया गया।
कार्यक्रम में तीन महत्वपूर्ण अवसरों को एक साथ मनाया गया। इनमें एमबीबीएस 2022 बैच के विद्यार्थियों का विदाई समारोह, पिछले एक वर्ष में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का सम्मान तथा 1982 बैच के पूर्व छात्रों का पूर्व छात्र मिलन समारोह शामिल था।
कार्यक्रम में एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून, सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद खालिद, प्रधानाचार्य एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अंजुम परवेज तथा वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व छात्र और विद्यार्थी शामिल हुए।
कुलपति प्रो. नइमा खातून ने स्नातक विद्यार्थियों को बधाई दी तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों और पूर्व छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की शक्ति उसके शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और पूर्व छात्रों की समर्पण भावना में निहित है। उन्होंने स्नातक विद्यार्थियों से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के राजदूत के रूप में कार्य करने और मरीजों के प्रति करुणा, ईमानदारी तथा सेवा के मूल्यों को बनाए रखते हुए संस्थान की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
एमबीबीएस 2022 बैच के विद्यार्थियों को उनकी चिकित्सा शिक्षा के महत्वपूर्ण चरण को पूरा करने पर भावभीनी विदाई दी गई। प्रधानाचार्य प्रो. अंजुम परवेज ने विद्यार्थियों से चिकित्सा क्षेत्र की नैतिकता, करुणा, ईमानदारी और निरंतर सीखने की भावना को बनाए रखने तथा मरीजों की सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
पिछले एक वर्ष के दौरान सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को चिकित्सा शिक्षा, मरीजों की देखभाल, मार्गदर्शन और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 1982 बैच के पूर्व छात्रों का अपने शिक्षण संस्थान में चार दशक से अधिक समय बाद पुनर्मिलन भी हुआ। पूर्व छात्र मिलन समारोह ने पूर्व विद्यार्थियों को अपने संस्थान और पुराने साथियों से दोबारा जुड़ने तथा पुरानी यादों और अनुभवों को साझा करने का अवसर प्रदान किया।
प्रो. अंजुम परवेज ने वर्ष 2025-26 की जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने मरीजों की देखभाल, अस्पताल सेवाओं, आधारभूत ढांचे, उन्नत चिकित्सा तकनीक, शिक्षण, डिजिटल शिक्षा, अनुसंधान और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1,269 बिस्तरों वाले जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ने वर्ष के दौरान विशेषज्ञ और उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखते हुए 11 लाख से अधिक बाह्य रोगी मरीजों का उपचार किया।
वार्षिक रिपोर्ट में अस्पताल की सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया गया। इनमें उच्च निगरानी इकाई, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के सहयोग से स्थापित ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस इकाई, एंडोस्कोपी कक्ष तथा मरीजों की सुविधा और संक्रमण नियंत्रण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। संकाय पुस्तकालय को मजबूत करने और डिजिटल संसाधन केंद्र की स्थापना को शैक्षणिक एवं डिजिटल अध्ययन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सेवानिवृत्त शिक्षकों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल कर्मचारियों, तकनीशियनों, प्रशासनिक कर्मचारियों और अन्य सहयोगी कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बुशरा सिद्दीकी और डॉ. जमील अहमद ने संयुक्त रूप से किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button