एएमयू में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर धरना 11वें दिन भी जारी
यासिर फहद की भूख हड़ताल जारी, छात्रों ने प्रशासन से चुनाव के लिए समयबद्ध रोडमैप मांगा

अलीगढ़, 1 अक्टूबर (मोहम्मद कामरान)
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों का धरना गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और एएमयू छात्रसंघ के पूर्व नेता शम्स तबरेज धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।
शम्स तबरेज ने कहा कि छात्रों की मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने करीब आठ वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि एएमयू में अंतिम नियमित छात्रसंघ चुनाव 2018-19 में हुए थे। इसके बाद से छात्र निर्वाचित प्रतिनिधित्व से वंचित हैं। छात्रसंघ चुनाव की बहाली की मांग को लेकर छात्र यासिर फहद भूख हड़ताल पर भी हैं और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।
छात्रों का दावा है कि फीस वृद्धि के खिलाफ पूर्व में हुए आंदोलन के दौरान दिसंबर 2025 में चुनाव कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई। आंदोलन में अब्दुल्ला कॉलेज की छात्राओं सहित अन्य छात्र भी समर्थन दे चुके हैं।
छात्रों ने कुलपति प्रो. नईमा खातून से सीधे संवाद करने और चुनाव के लिए स्पष्ट रोडमैप जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि चुनाव कराने में कोई कानूनी या प्रशासनिक बाधा है तो उसे छात्रों के सामने स्पष्ट किया जाए और यदि चुनाव संभव हैं तो उनकी समय-सीमा घोषित की जाए।



