केशव सेवा धाम में 2 अक्टूबर को होगा भव्य वार्षिकोत्सव

आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल होंगे मुख्य वक्ता, आनंतवीर दास महाराज देंगे आशीर्वचन

अलीगढ़, 30 सितंबर (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ सिंघारपुर स्थित केशव सेवा धाम में 2 अक्टूबर को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल मुख्य वक्ता होंगे। वृंदावन स्थित अक्षय पात्र के चंद्रोदय मंदिर के श्री आनंतवीर दास महाराज आशीर्वचन देंगे। नारायण इंटरनेशनल, नोएडा के नवीन कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक इन्द्रमणि पाठक कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

कार्यक्रम संयोजक अनूप गुप्ता सीए और जयप्रकाश सारस्वत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि केशव सेवा धाम में पूर्वोत्तर राज्यों के बच्चों के लिए छात्रावास संचालित किया जा रहा है। यहां बच्चों को निःशुल्क आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधा समाज के सहयोग से उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में असम, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड सहित पूर्वोत्तर राज्यों के 58 विद्यार्थी यहां रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के बच्चे भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम 2 अक्टूबर शुक्रवार को शाम 4:30 बजे से शुरू होकर रात्रि भोजन तक चलेगा।

केशव सेवा समिति रजिस्टर्ड अलीगढ़ के अध्यक्ष श्याम नारायण अग्रवाल ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों के बच्चों को शिक्षित कर उन्हें स्वावलंबी बनाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि छात्रावास का उद्देश्य बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। यहां बच्चों के रहने, भोजन और शिक्षा की व्यवस्था समाज के सहयोग से की जाती है।

उन्होंने बताया कि देशभर में विभिन्न रूपों में 100 से अधिक छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, जहां बच्चे रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं। केशव सेवा धाम परिसर में छात्रावास के साथ कन्या महाविद्यालय, आरोग्य केंद्र, देवालय और गौ सदन सहित विभिन्न सेवा कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि केशव सेवा धाम की गतिविधियों में समाज के प्रबुद्धजन भी सहयोग करते हैं और बच्चों की देखरेख में पालक की भूमिका निभाते हैं। संस्था का प्रयास बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना भी है।

केशव सेवा समिति के संरक्षक मंडल में सुरेश चंद्र अग्रवाल (पंजाब नेशनल बैंक), डॉ. शन्नो रानी, शशिबाला अग्रवाल, मनीराम शर्मा, हरिशंकर अग्रवाल सहित अन्य सदस्य हैं। पदेन सदस्यों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र कुमार और विभाग प्रचारक गोविंद शामिल हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान अध्यक्ष श्याम नारायण अग्रवाल, अनूप गुप्ता सीए, जयप्रकाश सारस्वत, अनुपमा अग्रवाल, गीतिका अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल अल्फा, सुरेश चंद्र अग्रवाल (पीएनबी), भूपेंद्र शर्मा, राजनारायण सिंह, चेतन वार्ष्णेय, भूपेंद्र सिंह, पंकज शर्मा और सुनील भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button