एएमयू को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अलीगढ़ का माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं: मोहम्मद उस्मान खान

राइडिंग फील्ड की जमीन पर नगर निगम के बोर्ड को बताया अवैध, हटाने की मांग

अलीगढ़, 25 अगस्त (मोहम्मद कामरान)

एएमयू के पूर्व छात्र नेता और समाजवादी पार्टी के अलीगढ़ शहर महासचिव मोहम्मद उस्मान खान ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एएमयू की राइडिंग फील्ड की जमीन पर नगर निगम द्वारा लगाए गए बोर्ड का कड़ा विरोध किया। उन्होंने बोर्ड को अवैध बताते हुए नगर निगम से इसे तत्काल हटाने की मांग की।

मोहम्मद उस्मान खान ने कहा कि राइडिंग फील्ड की जमीन वर्ष 1925 से एएमयू के हिस्से में रही है, जबकि नगर निगम का गठन वर्ष 1994 में हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन नगर निगम की थी तो पिछले 32 वर्षों में उसने इस पर अपना मालिकाना हक क्यों नहीं जताया।

उन्होंने कहा कि जमीन को लेकर यदि कोई विवाद था तो नगर निगम को नियमानुसार पहले एएमयू के संबंधित विभाग को नोटिस देना चाहिए था। बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के जमीन पर बोर्ड लगाया जाना उचित नहीं है।

उस्मान खान ने नगर निगम से बोर्ड हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर बोर्ड नहीं हटाया गया तो वह अपने साथियों के साथ मौके पर जाकर बोर्ड उखाड़ देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय एएमयू को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अलीगढ़ का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एएमयू अलीगढ़ की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और किसी भी राजनीतिक उद्देश्य के लिए इसका इस्तेमाल कर शहर का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े विवाद का समाधान कानून और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर होना चाहिए, न कि राजनीतिक बयानबाजी के जरिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया का पालन किए जाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button