जेएन मेडीकल कालिज की प्रो. फातिमा खान ने शिकागो में एसएचईए स्प्रिंग कॉन्फ्रेंस में एएमयू का प्रतिनिधित्व किया

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की प्रो. फातिमा खान ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित प्रतिष्ठित सोसाइटी फॉर हेल्थकेयर एपिडेमियोलॉजी ऑफ अमेरिका (एसएचईए) स्प्रिंग कॉन्फ्रेंस 2026 में अंतरराष्ट्रीय एंबेसडर के रूप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
सम्मेलन के दौरान उन्होंने अपना शोध कार्य प्रस्तुत किया और स्वास्थ्य देखभाल महामारी विज्ञान तथा संक्रमण नियंत्रण के क्षेत्र के अग्रणी विशेषज्ञों के साथ सक्रिय रूप से संवाद किया, जिससे शैक्षणिक आदान-प्रदान और पेशेवर विमर्श को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने अत्याधुनिक रश यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर का भी दौरा किया, जहां उन्हें उन्नत क्लिनिकल और महामारी विज्ञान संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त हुई।
प्रो. खान ने एक्सटर्नल अफेयर्स कमेटी के सदस्यों के साथ चर्चाओं में भी भाग लिया, जिसमें वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।



