सी.बी. गुप्ता सरस्वती विद्यापीठ के वार्षिकोत्सव ‘उड़ान’ में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

अलीगढ़, 27 अक्टूबर 2026 (मोहम्मद कामरान)

सिंघारपुर, मथुरा रोड स्थित सी.बी. गुप्ता सरस्वती विद्यापीठ में मंगलवार को वार्षिक उत्सव ‘उड़ान’ हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य-नाटिकाओं और शारीरिक प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जयंत शर्मा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री डॉ. प्रभास्कर राय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अलीगढ़ श्रीमती विजय सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और गणेश वंदना प्रस्तुत की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने अतिथियों का परिचय कराते हुए पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और इससे उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

अपने आशीर्वचन में स्वामी श्री पूर्णानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को संस्कारवान और बेहतर इंसान बनाना है। उन्होंने कहा कि सी.बी. गुप्ता विद्यापीठ में शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ‘उड़ान’ जैसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से गायों की रक्षा और देखभाल के लिए आगे आने की अपील की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य वक्ता डॉ. प्रभास्कर राय ने कहा कि भारतीय शिक्षा समिति का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने विद्यालय में पंचपदी शिक्षा प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव ‘उड़ान’ विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का सुंदर उदाहरण है।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘तेजस्वी’ का विमोचन भी किया गया। मंचासीन अतिथियों और संपादकीय समिति की उपस्थिति में पत्रिका का औपचारिक विमोचन हुआ।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ विषय पर लोक नृत्य प्रस्तुत कर देश की विविध संस्कृतियों और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। ‘शिव शक्ति मिलन’ नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया, जबकि महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका में उनकी वीरता और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ लघु नाटिका के माध्यम से बच्चों ने बुजुर्गों के प्रति आदर और सम्मान का संदेश दिया। वहीं, ‘भारत मां के सच्चे सपूत डॉ. हेडगेवार’ की प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने शारीरिक अभ्यास और अनुशासन का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना हासिल की।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप विजयवर्गीय और कोषाध्यक्ष सीए अनिल गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के सचिव राजीव वार्ष्णेय ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्था की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में इंद्रमणि जी ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button