एएमयू की प्रवेश परीक्षाएं 26 अप्रैल को, 38 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

अलीगढ़, 25 अप्रैल (मोहम्मद कामरान)
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न कोर्सों की प्रवेश परीक्षाओं हेतु देशभर में परीक्षा केंद्रों का विस्तृत आवंटन जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार SSSC (साइंस स्ट्रीम/डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग), SSSC (ह्यूमैनिटीज़ एवं कॉमर्स), SSSC (ब्रिज कोर्स) और बी.ए.एलएल.बी. की परीक्षाएं 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएंगी।
SSSC (साइंस/डिप्लोमा) की परीक्षा सुबह के सत्र में होगी, जबकि अन्य सभी कोर्सों की परीक्षाएं शाम के सत्र में आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष कुल 38,747 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें SSSC (साइंस/डिप्लोमा) के 26,393, SSSC (ह्यूमैनिटीज़ एवं कॉमर्स) के 6,862, SSSC (ब्रिज कोर्स) के 200 और बी.ए.एलएल.बी. के 5,292 अभ्यर्थी शामिल हैं।
अलीगढ़ शहर में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30 से ज्यादा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। प्रमुख केंद्रों में विमेंस कॉलेज, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स, जेड.एच. इंजीनियरिंग कॉलेज, ए.के. तिब्बिया कॉलेज, यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक, एस.टी.एस. स्कूल, आरएमपीएस एएमयू सिटी स्कूल, एएमयू गर्ल्स स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, साइंस फैकल्टी कॉम्प्लेक्स, सिविल इंजीनियरिंग विभाग सहित विभिन्न विभागों के भवन शामिल हैं। इसके अलावा एबीके हाई स्कूल, विमेंस पॉलिटेक्निक, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग, आर्किटेक्चर इंजीनियरिंग ब्लॉक, फैकल्टी ऑफ लॉ, सोशल साइंसेज, एग्रीकल्चर फैकल्टी, जे.एन. मेडिकल कॉलेज और अलीगढ़ पब्लिक स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
एएमयू ने अलीगढ़ के अलावा इम्फाल, कोलकाता, लखनऊ, मेरठ, पटना, रामपुर, किशनगंज, श्रीनगर, मुर्शिदाबाद और कोझिकोड में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। विभिन्न शहरों में स्थानीय स्कूलों और कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है, जहां हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
गौरतलब है कि एएमयू में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं, जिससे विश्वविद्यालय की लोकप्रियता और प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।



