एएमयू मल्लापुरम सेंटर की लॉ सोसाइटी ने तीन दिवसीय लॉ फेस्ट का आयोजन किया

TNN समाचार : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मल्लापुरम सेंटर की लॉ सोसाइटी ने विधि छात्रों की कानूनी समझ और वकालत कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय लॉ फेस्ट का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व निदेशक प्रो. एम. शाहुल हमीद ने किया और इसका संचालन टीचर्स-इन-चार्ज डॉ. इमरान अहमद, डॉ. आमिर वाई. वागा और डॉ. समरीन अहमद के मार्गदर्शन में हुआ। कोर्स कोऑर्डिनेटर एवं सेंटर के डायरेक्टर-इन-चार्ज डॉ. शाहनवाज अहमद मलिक ने स्वागत भाषण दिया।
उद्घाटन दिवस पर “लेक्स एम्पैथिया” नामक क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन मेडिएशन एंड कंसिलिएशन क्लब द्वारा किया गया, जिसमें कुल 14 टीमों ने भाग लिया। सिदरा वसीम और सैयद नासिफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे दिन की शुरुआत 2017 के ऐतिहासिक निजता (प्राइवेसी) निर्णय पर समूह चर्चा से हुई, जिसमें नफीस रेसलदार विजेता रहे। इसके बाद दिव्यांशी और दानिश खुर्शीद द्वारा आयोजित लीगल राइटिंग प्रतियोगिता में द्वितीय वर्ष के छात्र हमजा ने प्रथम स्थान हासिलकिया। वहीं, नजीब आलम और मोहम्मद अहमद जहीन द्वारा आयोजित लीगल क्विज में अफसर जमाल और नूर वुसअतुल्लाह ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
अंतिम दिन राज्य स्तरीय यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया, जिसका मूल्यांकन केरल विधान सभा के पूर्व सचिव प्रो. एन. कृष्णकुमार और केरल सरकार की उप विधि सचिव सुश्री सिजी वी. ने किया।
यूथ पार्लियामेंट में कोझिकोड के मार्काज लॉ कॉलेज के अफ्थाब एन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एएमयू मल्लापुरम सेंटर की छात्राओं रिजा खान और सिजला सी.पी. ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आरिफुल्लाह तृतीय स्थान पर रहे। विशेष पुरस्कारों में मोबस्सरीन जैद को सर्वश्रेष्ठ प्राइवेट मेंबर बिल के लिए, तथा मरियम सादिक खान और आबिदुल्लाह को सर्वश्रेष्ठ परिधान के लिए सम्मानित किया गया।
फेस्ट का समापन समापन सत्र के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एन. कृष्णकुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर सैयद नासिफ ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सोसाइटी की पिछले वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन छात्र एंकर सिदरा वसीम और मोहम्मद अहमद जहीन ने किया, जबकि डॉ. इमरान अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।



