शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार, अलीगढ़ में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

अलीगढ़, 05 मई ।मोहम्मद कामरान
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने के शुभारंभ का सजीव प्रसारण अलीगढ़ के कल्याण सिंह हेबीटेट सेंटर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, चौधरी ऋषिपाल सिंह, विधायक मुक्ता संजीव राजा, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से उनमें नई ऊर्जा आएगी और वे गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने के लिए और अधिक समर्पित होंगे।
इस अवसर पर शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एडी बेसिक मनोज गिरी ने बताया कि मण्डल के 1757 स्कूलों में कार्यरत करीब 2700 शिक्षामित्र इस निर्णय से लाभान्वित हुए हैं।
कार्यक्रम में मण्डलायुक्त संगीता सिंह, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, सीडीओ योगेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिक्षा मित्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



