गंजडुंडवारा कोतवाली विवाद: आसिफ पठान ने लगाए अभद्रता के आरोप, SHO ने बताया दबाव बनाने का मामला

अलीगढ़/कासगंज, 13 मई (मोहम्मद कामरान)
राष्ट्रीय योगी सेना संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ पठान ने कासगंज जनपद की गंजडुंडवारा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पर अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डीआईजी अलीगढ़ परिक्षेत्र से कार्रवाई की मांग की है।

आसिफ पठान ने डीआईजी को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वह 8 मई को एक मुकदमे के सिलसिले में गंजडुंडवारा कोतवाली पहुंचे थे। उनका कहना है कि कोतवाली में बैठने के दौरान प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने कथित रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उन्हें हवालात में बंद कर दिया गया तथा उनके साथ मौजूद पत्रकारों के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई।

आसिफ पठान ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय से भी करते हुए संबंधित प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की है।

वहीं, इस मामले में जब गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि आसिफ पठान थाने में दर्ज 2/26 मुकदमे में गैर-जरूरी दबाव बनाने का प्रयास कर रहे थे, जिसे पुलिस ने स्वीकार नहीं किया।

प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, आसिफ पठान कथित रूप से बाउंसरों के साथ थाने पहुंचे थे और पीड़ित पक्ष को डरा-धमका रहे थे। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए आसिफ पठान को धारा 151 के तहत बंद किया गया था।

SHO राधेश्याम ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और यदि कहीं भी शिकायत की जाती है तो जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित पक्ष को धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button