यूपी के इतिहास में पहली बार होगा इतना बड़ा डांस महाकुंभ, अलीगढ़ बनेगा देशभर की प्रतिभाओं का केंद्र

‘वार ऑफ डांस-2026’ में शामिल होंगे भारतभर के कलाकार, अंतरराष्ट्रीय कोरियोग्राफर सुरेश मुकुंद पहली बार रखेंगे यूपी में कदम

अलीगढ़, 16 मई। मोहम्मद कामरान

उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार इतना बड़ा राष्ट्रीय स्तर का डांस कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है, जिसमें देशभर से हजारों प्रतिभागी हिस्सा लेने पहुंचेंगे। अलीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान “वार ऑफ डांस-2026” के आयोजकों ने दावा किया कि यह प्रतियोगिता प्रदेश की अब तक की सबसे विशाल और व्यवस्थित डांस प्रतियोगिता होगी।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का अलीगढ़ ऑडिशन 24 मई 2026 को हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, प्रीमियर नगर में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

सबसे खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले मशहूर कोरियोग्राफर सुरेश मुकुंद पहली बार उत्तर प्रदेश की किसी डांस प्रतियोगिता से जुड़ने जा रहे हैं। उनके आगमन को लेकर कलाकारों में खासा उत्साह है। आयोजकों के मुताबिक यह कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं को बॉलीवुड और इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य आयोजक प्रवीर सक्सैना ने कहा कि “वार ऑफ डांस-2026” केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देशभर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यह मंच युवाओं को अपनी कला दिखाने का बड़ा अवसर देगा।

पुष्पेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के डांस विशेषज्ञ एक मंच पर दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि विजेताओं को सुरेश मुकुंद के साथ स्कॉलरशिप और ट्रेनिंग का अवसर मिलना प्रतिभागियों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

पूनम सारस्वत ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और महिला प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक है। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नई प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी और उनके सपनों को नई उड़ान मिलेगी।

चारु चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता को बेहद प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया गया है। अलग-अलग डांस फॉर्म और आयु वर्ग के आधार पर कुल 28 श्रेणियां बनाई गई हैं, जो इसे अन्य प्रतियोगिताओं से अलग बनाती हैं।

किरण प्रवीर सक्सैना ने कहा कि अलीगढ़ शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। “वार ऑफ डांस-2026” शहर की इसी नई पहचान को मजबूत करेगा।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में एकल, डुएट और ग्रुप डांस की कुल 28 श्रेणियां बनाई गई हैं। इसमें क्लासिकल, सेमी क्लासिकल, फोक, फ्यूजन और बॉलीवुड (वेस्टर्न) जैसी विधाएं शामिल हैं। हर श्रेणी का अलग विजेता चुना जाएगा।कार्यक्रम की कुल पुरस्कार राशि 3 लाख 10 हजार रुपये रखी गई है, जिसे आयोजकों ने उत्तर प्रदेश के गैर सरकारी डांस आयोजनों में अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि बताया।

ऑनलाइन ऑडिशन के माध्यम से अब तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से 1500 से अधिक प्रतिभागी कार्यक्रम से जुड़ चुके हैं। प्रेस वार्ता में बताया गया कि मथुरा और आगरा के बाद अब 17 मई को मेरठ में ऑफलाइन ऑडिशन आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान प्रवीर सक्सैना, पूनम सारस्वत, चारु चौहान, पुष्पेंद्र सिंह जादौन और किरण प्रवीर सक्सैना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button