जयंत चौधरी के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे : भगवती प्रसाद सूर्यवंशी
रालोद अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर की प्रेस वार्ता
अलीगढ़, 16 मई। मोहम्मद कामरान
राष्ट्रीय लोकदल अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी ने शनिवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
भगवती प्रसाद सूर्यवंशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने हमेशा उन्हें सम्मान दिया और संगठन में आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जल्द से जल्द पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूती देना और अनुसूचित जाति/जनजाति समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ना होगी।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी ओमप्रकाश सागर ने कहा कि जयंत चौधरी समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से दलित और मुस्लिम समाज को साथ लेकर चलने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी के बहकावे में आए बिना पार्टी नेतृत्व को मजबूत करने का काम करना चाहिए।

ओमप्रकाश सागर ने कहा कि जयंत चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वह किसी भी वर्ग का अहित नहीं होने देंगे और स्वच्छ छवि वाले नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में पुरकाजी विधायक अनिल कुमार सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाकर पार्टी ने अनुसूचित जाति समाज का सम्मान बढ़ाया है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति करता है तथा पार्टी लगातार गांव, किसान, युवा और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाने का कार्य कर रही है।
प्रेस वार्ता में अध्यक्षता रामनारायण कश्यप ने की, जबकि संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष अब्दुल्ला शेरवानी ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद गौड़, ब्लॉक प्रमुख दिवाकर गौड़, प्रदेश महासचिव रामबहादुर चौधरी, सुमन दीवान, जिला अध्यक्ष कालीचरण, जितेंद्र चौली, पूर्व जिला अध्यक्ष हम्मीर सिंह, मशरूर अहमद, रहीम खान गुड्डू, अमित सूर्यवंशी, पुष्पेंद्र सूर्यवंशी, शाहनवाज, सुरेख सिंह, अटल सिंह, विजेंद्र सिंह, सहवीर कुलदीप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।




