जातिगत टिप्पणियों से प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे कुछ राजनीतिक दल : विजय सिंह

बसपा की बूथ कमेटी गठन बैठक में सामाजिक सौहार्द और अमन-शांति बनाए रखने पर जोर

अलीगढ़, 16 मई। मोहम्मद कामरान

बहुजन समाज पार्टी की बूथ कमेटी गठन को लेकर एक आवश्यक बैठक शनिवार को छर्रा विधानसभा क्षेत्र के जलाली कस्बे में आयोजित की गई। बैठक में बहुजन समाज पार्टी अलीगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी विजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए विजय सिंह ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल और उनके नेता आए दिन दुर्भावनापूर्ण जातिगत टिप्पणियां करके प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा करने के उद्देश्य से दिए जा रहे हैं।

विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की अमन पसंद जनता को ऐसे लोगों की वास्तविकता समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा सामाजिक भाईचारे, अमन और शांति की राजनीति करती आई है और प्रदेश में सौहार्द बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की आवश्यकता है तथा जनता को उन दलों का साथ देना चाहिए जो सामाजिक एकता और संविधान की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।

बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रतन दीप सिंह, विजेंद्र सिंह विक्रम, जलाली चेयरमैन फतेह सिंह कुशवाहा, मुनीश गाज़ी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button