भूपेन्द्र प्रताप सिंह बने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष

अलीगढ़, 22 मई। मोहम्मद कामरान
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन में भूपेन्द्र प्रताप सिंह को अलीगढ़ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद उन्होंने पूर्व विधायक विवेक बंसल के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
भूपेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह अपने मार्गदर्शक पूर्व विधायक विवेक बंसल एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी मानवेंद्र सिंह पांडव का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि वह संगठन को ग्रामीण स्तर तक मजबूत करते हुए गांवों के युवाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की सोच के अनुरूप पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाना संगठन का उद्देश्य है और वह पूरी निष्ठा एवं परिश्रम के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाना चाहते थे तथा संगठन इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अमजद हुसैन, महानगर महासचिव अजय बघेल, सचिव मोहम्मद मंसूर, आमिल हुसैन, हिमांशु अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



