अतिक्रमण पर नगर निगम का चला बुलडोजर, अटल चौक से पत्थर बाजार तक हटाए गए अवैध कब्जे

अलीगढ़, 27 मई 2026 (मोहम्मद कामरान)
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत नगर निगम ने बन्नादेवी थाना क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए अटल चौक से पत्थर बाजार तक अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के लिए बुलडोजर और हथौड़े का इस्तेमाल किया गया।
नगर निगम की टीम के पहुंचते ही क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि निगम टीम ने सड़क किनारे रखे सामान और अवैध ढांचों को हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क और नालियों पर किए गए कब्जों को हटाते हुए बाहर रखे कूलर, टीन शेड, पानी की टंकियां समेत अन्य सामान को जब्त किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था भी बाधित हो रही थी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।



