गुलदस्ता सोसायटी के ईद मिलन समारोह में कौमी एकता, भाईचारे और संगीत की गूंज

अलीगढ़, 1 जून (मोहम्मद कामरान)

अलीगढ़ की गुलदस्ता सोसायटी की ओर से आयोजित दावत-ए-ईद-उल-अज़हा एवं ईद मिलन समारोह बड़े ही गरिमामय, उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक हस्तियों ने शिरकत कर राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।

समारोह में कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष नवेद खान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने गुलदस्ता सोसायटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं और समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं गुलदस्ता सोसायटी के अध्यक्ष विवेक बंसल ने कहा कि ईद मिलन समारोह प्रेम, भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहजीब हमारी सबसे बड़ी पहचान और ताकत है तथा ऐसे आयोजन इस परंपरा को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। प्रसिद्ध शायर एवं गायक शकील शैली, विवेक बंसल, मुश्ताक अहमद सहित अन्य कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज़ और सूफियाना कलामों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने प्रेम, इंसानियत और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।

समारोह में इनाम-उल-हक, मोहम्मद मुजाहिद, आबिद अली, शाकिर गोल्ड, तस्लीम, वाहिद उर रहमान, अब्दुल हन्नान, भूरा भाई, नवेद, जॉनी फोस्टर, जावेद खान, फरहान मोहम्मद खान तथा मोहम्मद इरशाद खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आयोजक खिजर खान, मुश्ताक अहमद और डॉ. ताजुद्दीन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा ईद मिलन समारोह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों द्वारा एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने तथा देश में शांति, प्रगति और भाईचारे को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button