प्रो. एस.एम. जावेद अख्तर एएमयू के अर्थशास्त्र विभाग के नए अध्यक्ष नियुक्त

अलीगढ़, 30 जून: मोहम्मद कामरान

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के अर्थशास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. एस.एम. जावेद अख्तर को एक जुलाई 2026 से आगामी तीन वर्षों के लिए विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

32 वर्षों से अधिक के अध्यापन एवं शोध अनुभव से समृद्ध प्रो. जावेद अख्तर देश के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों में शामिल हैं। उन्होंने बी.ए. (ऑनर्स) और एम.ए. (अर्थशास्त्र) दोनों परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 1993 में यूजीसी-नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की। उनकी विशेषज्ञता के प्रमुख क्षेत्र समष्टि अर्थशास्त्र (मैक्रो इकोनॉमिक्स), लोक वित्त, वित्तीय अर्थशास्त्र और भारतीय अर्थव्यवस्था हैं।

प्रो. अख्तर ने यूजीसी तथा इम्प्रेस-आईसीएसएसआर द्वारा वित्तपोषित कई महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया है। उन्होंने अब तक 23 पीएचडी शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है। साथ ही 14 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन करने के अलावा 115 से अधिक शोध पत्र, पुस्तक अध्याय और सम्मेलन पत्र प्रकाशित किए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन में भी प्रो. अख्तर का योगदान उल्लेखनीय रहा है। वह वर्ष 2015 से 2021 तक एएमयू के वित्त अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त वह आर.एम. हॉल के प्रोवोस्ट, कोचिंग एंड गाइडेंस सेंटर के सहायक निदेशक तथा सर सैयद हॉल (साउथ) के वार्डन की जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह अर्थशास्त्र विभाग में पीएचडी एवं एफवाईयूपी प्रवेश कार्यक्रमों के समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं।

प्रो. अख्तर को अनेक शैक्षणिक सम्मान और पेशेवर दायित्व भी प्राप्त हुए हैं। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल द्वारा उन्हें क्लस्टर विश्वविद्यालय, श्रीनगर में नियुक्तियों के लिए गठित चयन समितियों का सदस्य नामित किया जा चुका है। वह इंडियन इकोनॉमिक एसोसिएशन सहित कई पेशेवर संस्थाओं के आजीवन सदस्य हैं तथा राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न संपादकीय और शैक्षणिक समितियों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button