भारतीय मुस्लिम मंच का 2027 में बसपा को समर्थन देने का ऐलान, मायावती सरकार के 100 काम गिनाए
अलीगढ़, 25 अक्टूबर (मोहम्मद फ़ौज़ान): भारतीय मुस्लिम मंच ने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को समर्थन देने का ऐलान किया है। रविवार को प्रेस क्लब अलीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने बसपा प्रमुख मायावती के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार के दौरान मुस्लिम समाज के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए 100 कामों की सूची जारी की। उन्होंने कहा कि भारतीय मुस्लिम मंच मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए तन, मन और धन से काम करेगा।
डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने भाजपा और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता दोनों दलों की सरकारों को देख चुकी है। उन्होंने भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई, कथित फर्जी मुठभेड़ों, भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। वहीं, समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान सांप्रदायिक दंगों और हिंसा की घटनाओं से मुस्लिम समाज को निराशा हुई।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से 2012 के बीच मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर थी और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम करती थी। उनके अनुसार, उस सरकार में मुस्लिम समाज के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इनमें अल्पसंख्यक आयोग का गठन, अरबी-फारसी विश्वविद्यालय की स्थापना, हज हाउस का निर्माण, मदरसों को अनुदान, मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना और मुस्लिम छात्राओं को छात्रवृत्ति देने जैसे कार्य शामिल हैं।

डॉ. रिजवी ने कहा कि मुस्लिम समाज को अब अपनी राजनीतिक रणनीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में मुस्लिम मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी का समर्थन किया, लेकिन वह भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि भारतीय मुस्लिम मंच का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को समर्थन दिया जाना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंच की ओर से मायावती सरकार के कार्यकाल में मुस्लिम समाज के लिए किए गए बताए गए 100 कार्यों की सूची भी मीडिया प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। डॉ. रिजवी ने कहा कि संगठन आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाएगा।
इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव शकील आलम, अलीगढ़ मंडल संयोजक एडवोकेट नावेद खान, जिला संयोजक एडवोकेट शबीना नफीस, सह-संयोजक एडवोकेट कुमारी उजमा, अलीगढ़ शहर संयोजक मोहम्मद साकिब, जिला महासचिव मोहम्मद आसिफ नफीस और शहबाज खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




