उच्च शिक्षा में भ्रष्टाचार: विश्वविद्यालयों की गरिमा और मेधा की रक्षा कौन करेगा ? – प्रो. जसीम मोहम्मद
नियुक्तियों में कथित सौदेबाजी, टेंडर में अनियमितता और अकादमिक नेतृत्व की योग्यता पर उठते सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब हमारी शिक्षा व्यवस्था ज्ञान, योग्यता, ईमानदारी और पारदर्शिता पर आधारित होगी। लेकिन पिछले एक दशक में उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं, खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ियों, नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक जवाबदेही की कमी से संबंधित अनेक मामले सामने आए हैं। यह स्थिति विशेष चिंता का विषय है, क्योंकि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां बांटने वाले संस्थान नहीं, बल्कि देश के बौद्धिक भविष्य का निर्माण करने वाली संस्थाएं हैं।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) स्वयं वर्ष 2014 में वित्तीय कुप्रबंधन और अनियमित अनुदान वितरण के मामलों को लेकर चर्चा में आया था। तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने संसद में जानकारी दी थी कि अयोग्य कॉलेजों को भी अनुदान स्वीकृत किए जाने के मामले सामने आए, दो एफआईआर दर्ज हुईं और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। यह स्पष्ट संकेत था कि नियामक संस्थाओं की आंतरिक निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की बिहार के विश्वविद्यालयों से संबंधित 2024 की रिपोर्ट ने भी गंभीर सवाल खड़े किए। रिपोर्ट के अनुसार, पांच विश्वविद्यालयों में वर्ष 2017 से 2022 के बीच लगभग 7.96 करोड़ रुपये की वस्तुओं की खरीद निर्धारित निविदा प्रक्रिया अपनाए बिना की गई। रिपोर्ट में अनुदान के उपयोग, वेतन भुगतान, निष्क्रिय बैंक खातों और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी अन्य अनियमितताएं भी दर्ज की गईं। यह केवल प्रक्रियागत चूक नहीं, बल्कि सार्वजनिक धन के प्रति जवाबदेही का प्रश्न है।
दिल्ली सरकार के अधीन विश्वविद्यालयों के कामकाज पर CAG की 2025 की रिपोर्ट ने भी नियुक्तियों और प्रशासनिक व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर किया। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में विज्ञापित 167 सहायक प्राध्यापक पदों के विरुद्ध केवल 51 नियुक्तियां हुईं, जबकि 87 पदों पर नियुक्ति नहीं की गई। रिपोर्ट में चयन प्रक्रिया में देरी, स्वीकृत पदों के बिना नियुक्तियां और कुछ विश्वविद्यालयों में चयन समितियों की संरचना में नियमों के अनुपालन संबंधी कमियां भी दर्ज की गईं।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया का मामला भी गंभीर संस्थागत चिंता का विषय रहा। मार्च 2022 में सीबीआई ने विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर को एक लाख रुपये की कथित रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के अनुसार, मामला भवनों के संरचनात्मक सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी करने से जुड़ा था। जनवरी 2024 में भी उनके विरुद्ध एक अन्य कथित रिश्वत प्रकरण में मामला दर्ज होने की खबर आई। इन मामलों का अंतिम न्यायिक निष्कर्ष अपनी जगह है, लेकिन विश्वविद्यालयों की साख और जवाबदेही पर इनके प्रभाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय भी वित्तीय अनियमितताओं, नियुक्तियों और खरीद प्रक्रिया को लेकर पिछले एक दशक में कई बार जांच और विवादों के दायरे में रहा है। जुलाई 2016 में सामने आई कैग ऑडिट रिपोर्ट में विश्वविद्यालय से संबंधित लगभग 120 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के 58 मामले दर्ज किए गए थे। इनमें 51.79 लाख रुपये एक निजी ट्रस्ट को हस्तांतरित किए जाने सहित कई गंभीर आपत्तियां शामिल थीं। मई 2017 में एक अन्य ऑडिट में वर्ष 2015-16 के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के नौ स्कूलों पर 28.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाने को यूजीसी के दिशा-निर्देशों के विपरीत बताया गया। जुलाई 2015 में तत्कालीन रजिस्ट्रार की नियुक्ति से संबंधित कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच के आदेश दिए गए थे। जून 2017 में वित्तीय मामलों और नियुक्तियों से संबंधित शिकायतों पर सीबीआई ने प्रारंभिक जांच शुरू की थी। इसके अतिरिक्त, कैग की 2022 की रिपोर्ट में 2014-15 से 2019-20 के दौरान बैंक परिसरों के किराये की कम वसूली से विश्वविद्यालय को 79.31 लाख रुपये की राजस्व हानि दर्ज की गई। भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक वर्ष 2026 में विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में 2017 की प्रयोगशाला उपकरण एवं रिएजेंट आपूर्ति संबंधी निविदा को लेकर लगभग 12 करोड़ रुपये की संभावित वित्तीय अनियमितता के आरोप भी सामने आए, जिनकी स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच की मांग की गई है। द ऑब्ज़र्वर पोस्ट इसी वर्ष कथित फर्जी कैश वाउचर और वित्तीय रजिस्टर के गायब होने का मामला दिल्ली उच्च न्यायालय तक पहुंचा, जिसमें स्वतंत्र जांच की मांग उठाई गई। इन घटनाओं की निष्पक्ष और समग्र जांच आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सार्वजनिक धन, विश्वविद्यालय की खरीद व्यवस्था और प्रशासनिक अधिकारों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुरूप हुआ या नहीं।
इसी प्रकार, केरल के कालीकट विश्वविद्यालय में LAN प्रणाली की निविदा प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं और 27.42 लाख रुपये के नुकसान का मामला 2026 में केरल उच्च न्यायालय तक पहुंचा। न्यायालय ने संबंधित वित्तीय अनियमितताओं की सतर्कता जांच जारी रखने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की आवश्यकता को भी स्पष्ट किया।
उच्च शिक्षा संस्थानों की ग्रेडिंग में रिश्वतखोरी का एक गंभीर मामला फरवरी 2025 में सामने आया, जब सीबीआई ने NAAC की निरीक्षण समिति के अध्यक्ष सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजीव सिजारिया, बेंगलुरु विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एम. हनुमंथप्पा तथा दावणगेरे विश्वविद्यालय की प्रोफेसर गायत्री देवराजा सहित अन्य शिक्षाविद शामिल थे। आरोप था कि आंध्र प्रदेश की एक निजी यूनिवर्सिटी को A++ ग्रेड दिलाने के लिए नकद रकम, लैपटॉप और अन्य लाभों के लेन-देन की साजिश रची गई। सीबीआई ने लगभग 37 लाख रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। यह मामला उच्च शिक्षा की मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करता है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2017 के दौरान प्रयोगशाला मशीनों की खरीद और टेंडर प्रक्रिया में कथित 12 करोड़ रुपये की अनियमितता का मामला भी गंभीर चिंता का विषय है। दैनिक हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, मशीनों की खरीद, किराये और रखरखाव के नाम पर एक निजी फर्म को लगातार भुगतान किया जाता रहा। मामला कैग और केंद्रीय सतर्कता आयोग की जांच के दायरे में आया। वर्ष 2017 में तारिक मंसूर कुलपति थे।
इन उदाहरणों से यह निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि देश के सभी विश्वविद्यालयों में भ्रष्टाचार है। लेकिन यह अवश्य स्पष्ट है कि नियुक्तियों, कुलपति एवं अन्य शीर्ष पदों पर चयन, खरीद और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुधार आवश्यक हैं। विशेषकर कुलपति और संस्थानों के प्रमुख पदों पर नियुक्ति केवल राजनीतिक निकटता, व्यक्तिगत संपर्क या प्रभाव के आधार पर नहीं, बल्कि शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रशासनिक अनुभव, शोध योगदान और निर्धारित पात्रता के आधार पर होनी चाहिए। यदि किसी नियुक्ति में धन के लेन-देन या अयोग्य व्यक्ति को पद देने की शिकायत हो, तो उसकी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
अंततः, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मेरा अत्यंत गंभीर, विनम्र किंतु दृढ़ आग्रह है कि आप स्वयं देश के उच्च शिक्षा संस्थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार, नियुक्तियों में कथित सौदेबाजी और टेंडर संबंधी अनियमितताओं का संज्ञान लें। भ्रष्टाचार अचानक जन्म नहीं लेता; छोटी-छोटी शिकायतों की अनदेखी ही आगे चलकर बड़े घोटालों और सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने का कारण बनती है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी के अधीन संस्थानों में यदि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, तो यह व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न है। प्रधानमंत्री जी, आपसे अपेक्षा है कि इस विषय को अपनी प्राथमिकता बनाकर उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और योग्य शिक्षाविदों के सम्मान की व्यवस्था सुनिश्चित करें। देश की जनता आपसे सुशासन की अपेक्षा रखती है और विश्वविद्यालयों की गरिमा की रक्षा के लिए आपके निर्णायक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा कर रही है। देश के विश्वविद्यालयों को भ्रष्टाचार का केंद्र नहीं, प्रतिभा, शोध और राष्ट्र निर्माण का केंद्र बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी का निर्वहन अब और टाला नहीं जाना चाहिए।

(लेखक प्रोफेसर और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व मीडिया सलाहकार हैं। ईमेल: profjasimmd@gmail.com )



