पूर्व कार्यवाहक कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज को एएमयू में दी गई विदाई

अलीगढ़, 30 जून (मोहम्मद कामरान)
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पश्चिम एशियाई एवं उत्तरी अफ्रीकी अध्ययन विभाग, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन संकाय के प्रोफेसर तथा पूर्व कार्यवाहक कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज के सेवानिवृत्त होने पर फेकल्टी ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उनकी पत्नी कुलपति प्रो. नईमा खातून, प्रो वाइस चांसलर प्रो. एम. मोहसिन खान, रजिस्ट्रार प्रो. आसिम जफर, डीन प्रो. आफताब आलम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. नईमा खातून ने कहा कि प्रो. गुलरेज के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और आधारभूत संरचना के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और प्रशासनिक दक्षता की सराहना की।
प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने 2 अप्रैल 2023 से 22 अप्रैल 2024 तक एएमयू के कार्यवाहक कुलपति के रूप में तथा इससे पूर्व प्रो वाइस चांसलर के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने डीन, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर और विभागाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी कार्य किया।
अपने विदाई संबोधन में प्रो. गुलरेज ने विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एएमयू उनकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रौनक शाही ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ. रुखसंदा एफ. फाजली ने प्रस्तुत किया।



