राज्यपाल के आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण; आरएमपीएसयू में फुल ड्रेस रिहर्सल भी सम्पन्न

अलीगढ़, 4 जुलाई। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) में 6 जुलाई को आयोजित होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के आगमन को देखते हुए शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था सहित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने विश्वविद्यालय के एकेडमिक हॉल में कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह एवं कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। कुलसचिव ने बताया कि तृतीय दीक्षांत समारोह का मुख्य आयोजन विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी ऑडिटोरियम में होगा, जहां राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में विभिन्न संकायों के मेधावी एवं शीर्ष स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान प्रदान करेंगी। समारोह में छात्राओं में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति भी प्रस्तुत की जाएगी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खेल किट्स का वितरण किया जाएगा।

इसी क्रम में शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की गई। कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में निकली शैक्षणिक शोभायात्रा शीला गौतम सभागार पहुंची, जहां परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी निजिलिंगप्पा, कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह, विद्या परिषद एवं कार्य परिषद के सदस्य, विभिन्न समितियों के समन्वयक, सह-समन्वयक, स्वर्ण पदक एवं कुलाधिपति पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।
रिहर्सल के दौरान मंच पर अतिथियों की बैठक व्यवस्था, पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के आगमन एवं प्रस्थान, पदक वितरण की प्रक्रिया, प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को चॉकलेट एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को किट वितरण, जल संरक्षण विषय पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति तथा कुलाधिपति एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत-सम्मान सहित समारोह की सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास किया गया। कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, समिति सदस्यों एवं स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के साथ भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. शेखर सी. मांडे मुख्य अतिथि (विशिष्ट वक्ता) तथा उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कुलाधिपति कार्यालय के विशेष सचिव डॉ. सुधीर महादेव बोबडे एवं उनकी टीम ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से की, जबकि लखनऊ से आई सुरक्षा टीम ने भी समारोह स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए।
समारोह की विभिन्न समितियों के समन्वयकों में प्रो. शुभनेश गोयल, प्रो. चंद्रवीर सिंह, डॉ. हरेंद्र गौर, प्रो. सुनीता गुप्ता, प्रो. नीता वार्ष्णेय, प्रो. पुष्पेंद्र यादव, प्रो. रोली अग्रवाल, डॉ. शाहनवाज खान, डॉ. गगन प्रताप सिंह, डॉ. अभिषेक पाल, डॉ. बबीता शर्मा, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. हरज्ञान सिंह, डॉ. तहसीन मंडल, डॉ. कीर्ति, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. मनोज कुमार एवं डॉ. मनीषा गुप्ता ने व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला। विश्वविद्यालय के उपसचिव पवन कुमार, अमित वर्मा, रूप कुमार सिंह एवं अनिल कुमार ने भी तैयारियों में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।



