जेएन मेडिकल कालिज के सर्जन ने दुर्लभ हॉर्सशू किडनी से कैंसरयुक्त ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला

अलीगढ़, 7 जुलाईः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की टीम ने एक दुर्लभ जन्मजात किडनी विकृति हॉर्सशू किडनी से पीड़ित मरीज के कैंसरयुक्त ट्यूमर को लगभग तीन घंटे तक चली जटिल शल्यक्रिया के माध्यम से सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस दौरान दोनों किडनियों की कार्यक्षमता भी सुरक्षित रखी गई।
यह शल्यक्रिया सर्जरी विभाग की अध्यक्ष प्रो. अतिया जका उर रब के मार्गदर्शन में डॉ. परवेज आलम द्वारा की गई। 65 वर्षीय रामपुर निवासी मरीज नूर जहां की हॉर्सशू किडनी थी, जो एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसमें दोनों किडनियां आपस में जुड़ी होती हैं। ट्यूमर दोनों किडनियों के जुड़े हुए हिस्से में विकसित हुआ था, जिससे शल्यक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई थी, क्योंकि दोनों किडनियों की रक्त आपूर्ति भी काफी हद तक साझा थी।
प्रो. अतिया जका उर रब ने बताया कि किडनी की असामान्य संरचना के कारण ऑपरेशन से पहले सूक्ष्म योजना बनानी पड़ी तथा अत्यंत सावधानी और सटीकता के साथ शल्यक्रिया की गई, ताकि ट्यूमर को पूरी तरह हटाते हुए दोनों किडनियों की रक्त आपूर्ति प्रभावित न हो।
डॉ. परवेज आलम ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य कैंसरयुक्त ट्यूमर को पूरी तरह निकालना और दोनों किडनियों की कार्यक्षमता को सुरक्षित रखना था। उन्होंने कहा कि हॉर्सशू किडनी में किडनी का कैंसर अत्यंत दुर्लभ होता है तथा ऐसे मामलों में शरीर की संरचना सामान्य से भिन्न होने के कारण उच्च स्तरीय शल्य चिकित्सा विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है।
इस जटिल शल्यक्रिया को नर्सिंग स्टाफ के सदस्य फिरोज, हरपाल एवं शहनवाज के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. निदा ने किया।



