कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने की एमएसएमई योजनाओं की समीक्षा, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
अलीगढ़, 24 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी शुक्रवार को अलीगढ़ दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर एमएसएमई विभाग की विभिन्न योजनाओं और उनकी प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को एमएसएमई योजनाओं से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र युवा तक पहुंचाई जाए, ताकि वे इनका लाभ उठाकर अपना उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित कर सकें।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी भाजपा के जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह के ग्राम नगरिया गोरौला, टप्पल स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माता के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अलीगढ़ प्रवास के दौरान मंत्री से विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट भी की। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंबिका चौधरी अपने पिता विक्रम सिंह हिंडोल के साथ मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी से मिलीं। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। अंबिका चौधरी ने मंत्री के मार्गदर्शन, आत्मीय व्यवहार और समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।




