पीएम-सीएम के पोस्टर फाड़ने का आरोप, भाजपा ने आजाद समाज पार्टी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

आपत्तिजनक नारेबाजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप, सीओ ने जांच का दिया आश्वासन

मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़

अलीगढ़, 25 जुलाई। अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर फाड़े जाने के आरोप को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत ने आरोप लगाया कि शनिवार को आजाद समाज पार्टी के प्रदर्शन के बाद सुभाष चौक घंटाघर के निकट वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पोस्टर, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र लगे थे, कुछ लोगों द्वारा फाड़ दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान आपत्तिजनक नारेबाजी भी की गई तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

डॉ. विवेक सारस्वत ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्राधिकारी तृतीय सरवन सिंह से मिला और पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना भी कानून का उल्लंघन है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, क्षेत्राधिकारी तृतीय सरवन सिंह ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

✍️ रिपोर्ट: मोहम्मद कामरान | The News Nation | अलीगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button